बच्चों को डायरिया से बचाएगी रोटा वैक्सीन
एक साल तक के बच्चों को पिलाई जाएंगी पांच बूंद
महिला अस्पताल में वैक्सीन पिलाने की हुई शुरूआत
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। जिले में बच्चों को डायरिया से बचाने के लिए रोटा वैक्सीन की खुराक पिलाई जाएगी। वैक्सीन पिलाने की शुरूआत बुधवार को जिला महिला अस्पताल से हुई। सदर विधायक योगेश वर्मा ने एक नवजात को खुराक पिलाई।
सदर विधायक ने कहा कि डायरिया बच्चों के लिए जानलेवा है। इससे हर साल काफी संख्या में बच्चों की जान चली जाती है। इसे रोकने के लिए प्रदेश में भी वैक्सीन पिलाने की सुविधा की गई है। सीएमओ डॉ.मनोज अग्रवाल ने बताया कि टीकाकरण के दौरान एक साल तक के बच्चों को इसकी पांच बूंद पिलाई जाएंगी। वैक्सीन का स्वाद मीठा होने के कारण बच्चों को पीने में कोई असुविधा नहीं होगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ.बलबीर सिंह ने बताया कि वैक्सीन की पांच बूंद जन्म के छठे, दसवें और 14वें सप्ताह पिलाई जानी है। इस दौरान एसीएमओ डॉ.मातादीन, डॉ.अश्वनी कुमार, डॉ.आरपी दीक्षित, सीएमएस महिला अस्पताल डॉ.मीरा वर्मा, कैलाश नाथ मिश्रा, यूनीसेफ के मुकेश कुमार, अनिल पांडे आदि लोग मौजूद रहे।
..........
क्या है रोटा वायरस
सीएमओ डॉ.मनोज अग्रवाल ने बताया कि बच्चों में होने वाले डायरिया के लिए 65 फीसदी तक रोटा वायरस जिम्मेदार होता है। यह वायरस गोलाकार आकार का होता है। डायरिया के कारण हर साल लाखों बच्चों की मौत हो जाती है। इस पर वैक्सीनेशन से काबू पाया जा सकता है। अभी तक सिर्फ देश के 10 राज्यों में ही रोटा वायरस वैक्सीन बच्चों को पिलाई जाती थी, लेकिन अब यूपी के बच्चों को भी वैक्सीन पिलाई जाएगी।