गड्ढे में फंस गई एंबुलेंस, प्रसूता को पड़ गए जान के लाले
महिला ने घर पर ही शिशु को दिया जन्म
अमर उजाला ब्यूरो
संसारपुर। बांकेगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत ग्रंट डॉटपुर के ग्राम काशीपुर निवासी गर्भवती महिला को लेने जा रही एंबुलेंस खराब रास्ते के कारण गड्ढे में फंस गई, जिससे महिला समय से अस्पताल नहीं पहुंच सकी और प्रसूता के जान के लाले पड़ गए। जब तक एंबुलेंस को गड्ढे से बाहर निकाला जाता कि तब तक महिला ने घर पर ही बच्चे को जन्म दे दिया।
ग्राम काशीपुर निवासी कमलेश कुमार, वीरेंद्र कुमार ने बताया कि उन के गांव काशीपुर को जाने वाला काफी जर्जर है, जरा सी बारिश होने पर पूरा मार्ग दलदल में तब्दील हो जाता है। आधी रात के बाद काशीपुर निवासी अनिल कुमार की पत्नी संध्या को प्रसव पीड़ा शुरू हुई सुबह तड़के अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस को फोन किया, एंबुलेंस गांव पहुंचने से पहले ही खराब रास्ते के कारण कीचड़ में फंस गई, जिसे बड़ी मुश्किल से गांव के मिहीलाल, माधवराम, राजेंद्र, इंद्रपाल, मुनीश आदि ने सहयोग कर निकलवाया। एंबुलेंस जब गर्भवती महिला के घर पहुंची तब तक उसका प्रसव घर पर ही हो चुका था। बाद में एंबुलेंस से जच्चा बच्चा को गोला सीएचसी ले जाया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस मार्ग और लक्ष्मणपुर से काशीपुर जाने वाले मार्ग निर्माण के लिए उन्होंने उच्च अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कई बार लिखित में शिकायत की, किंतु कोई लाभ नहीं हुआ ग्रामीणों ने मार्ग निर्माण कराए जाने की मांग की है।