जिला क्रिकेट एसोसिएशन ने बुधवार को लालपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में क्रिकेट प्रतियोगिता कराई। पहला मैच सनराइज क्रिकेट क्लब और गोला इलेवन क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया।
गोला इलेवन क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया। निर्धारित 35 ओवर में सनराइज क्लब ने प्रभात रावत के 52, ध्रुव मिश्रा के 41 व अनिकते के 27 रनों की बदौलत 29.5 ओवर में 165 रन का स्कोर खड़ा किया। गोला इलेवन क्लब के गेंदबाज अविरल ने पांच, शुभम ने दो विकेट लिए। 165 रन के स्कोर का पीछा करने उतरी गोला इलेवन क्लब की टीम शिवांशु के 43 रनों की बदौलत 129 रन पर ही सिमट गई। सनराइज क्लब के रघुनंदन ने चार व सोनेंद्र त्रिपाठी ने दो विकेट लिए।
संघ के सचिव अभिषेक शुक्ला ने बताया कि बृहस्पतिवार को लालपुर स्टेडियम में सनराइज व अरमान क्रिकेट क्लब टीम में भिड़ंत होगी। एंपायर मनीष बंसल, बैयंत सिंह व स्कोरर सूरज शर्मा रहे। इस दौरान रामजी कश्यप, सचिन शर्मा, रविशंकर तिवारी मौजूद रहे।