नगर निकाय चुनाव में पांचवें दिन बुधवार को अध्यक्ष पद के लिए 17 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए हैं, जबकि 16 नामांकन फार्म बिके हैं।
लखीमपुर नगर पालिका से अध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय मुन्नी देवी ने नामांकन फार्म जमा किया है, जबकि बसपा उम्मीदवार रमा मोहन वाजपेयी ने दो सेट नामांकन फार्म और एक सेट मुन्नी देवी ने खरीदा है। ओयल नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए बसपा उम्मीदवार सुनील कुमार कसेरा और निर्दलीय विनोद कुमार ने नामांकन दाखिल किया है। वहीं खीरी टाउन नगर पंचायत से शहाना ने पर्चा भरा है, जबकि उजमा बी और शगुफ्ता रजी ने एक-एक सेट नामांकन फार्म खरीदा है।
गोला गोकर्णनाथ। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी गौरव गिरि और रेखा गुप्ता ने अपना नामांकन करवाया है, जबकि सदस्य पद के लिए 29 प्रत्याशियों ने नामांकन जमा किए हैं। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी गौरव गिरि ने अपने स्टेशन मार्ग स्थित कार्यालय से पैदल और बाइकों से जुलूस के साथ मुख्य मार्गों पर भ्रमण कर तहसील में निर्वाचन अधिकारी योगानंद पांडे के समझ अपने नामांकन पत्र का एक सेट दाखिल किया, जबकि अध्यक्ष पद की प्रत्याशी ओमप्रकाश गुप्ता की पत्नी रेखा गुप्ता ने भारत भूषण कालोनी स्थित अपने आवास से समर्थकों सहित जुलूस निकलकर तहसील पहुंचीं और निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन फार्म के दो सेट दाखिल किए।
मैलानी। नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए तीन पर्चे दाखिल किए गए, जिसमें सत्यवती, रामकिशन और अर्जुन सिंह ने नामांकन कराया है। सदस्य पद के लिए दो पर्चे बिके और 10 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया।
पलियाकलां। तहसील सभागार में चल रही नामांकन प्रक्रिया में बुधवार को अध्यक्ष पद के लिए किसी ने नामांकन नहीं कराया है, जबकि सदस्य पद के लिए कुल 30 नामांकन हुए हैं।
धौरहरा। नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए पांचवें दिन सपा प्रत्याशी नाजिमा पत्नी रसीद और निर्दलीय प्रत्याशी रूकैइया पत्नी वसीम ने नामांकन कराया है। इसके अलावा सदस्य पद के लिए 33 लोगों ने पर्चे दाखिल किए हैं।
निघासन। एसडीएम अखिलेश यादव ने बताया कि सिंगाही नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए सपा उम्मीदवार मोहम्मद कयूम ने नामांकन कराया है। सदस्य पद के लिए 13 पर्चे बिके और आठ प्रत्याशियों ने अपना नामांकन कराया है।
मोहम्मदी। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के लिए बसपा प्रत्याशी सत्तार मंसूरी ने नामांकन कराया है। वहीं बरवर नगर पंचायत में सैय्यद यूसुफ हुसैन, नसरीन बानो ने नामांकन कराया है।
बसपा प्रत्याशी समेत कई प्रमुख प्रत्याशियों का नामांकन आज
नगर पालिका परिषद लखीमपुर से बसपा प्रत्याशी रमा मोहन बाजपेई, निर्दलीय प्रत्याशी लता बाजपेई और नगर पालिका परिषद गोला की प्रत्याशी मीनाक्षी अग्रवाल आज अपना नामांकन कराएंगी। वहीं नगर पालिका परिषद पलिया से भाजपा प्रत्याशी केबी गुप्ता और निर्दलीय प्रत्याशी आलोक मिश्रा भी अपना जुलूस निकालकर नामांकन कराएंगे।