लखीमपुर खीरी। आल इंडिया रीजनल रुरल इंपलाइज एसोसिएशन के आह्वान पर इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक की सभी शाखाओं में हड़ताल रही। जिले के सभी ग्रामीण बैंक कर्मियों ने क्षेत्रीय कार्यालय पर इकट्ठा होकर नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।
बैंक कर्मियों को संबोधित करते हुए अध्यक्ष राजेश कुमार यादव ने कहा ग्रामीण बैंकों में बैंकिंग उद्योग के समान पेंशन नीति लागू की जाए। बैंकिंग उद्योग के समान ही पदोन्नति नीति भी लागू की जाए। ग्रेच्युटी की सीमा 20 लाख रुपया ग्रामीण बैंकों में भी लागू की जाए। महामंत्री अनिल कुमार राठौर और एलएन गौर ने मांग की कि बैंकिंग उद्योग के समान सभी 56 रीजनल रुरल बैंक ों को मिलाकर ग्रामीण भारत के लिए भारतीय राष्ट्रीय ग्रामीण बैंक की स्थापना की जाए। बैंकिंग उद्योग के समान ही सभी भत्ते और अन्य सुविधाओं में समानता लागू हो।
इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक की सभी शाखाओं के बंद होने से जिले में बैंक ग्राहकों को परेशानी उठानी पड़ी। लोगों को हड़ताल के बारे में पहले से पता नहीं था। जब वे बैंक पहुंचे तो बैंक बंद मिली इससे उन्हें बैरंग वापस लौटना पड़ा। बैंक में लेनदेन न होने से असुविधा हुई।
-------------------------------------