लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद
- फोटो : अमर उजाला
यूपी सरकार में कैबिनेट और लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद के प्रयासों पर सीएम योगी ने एक बार फिर मुहर लगाई है। मुख्यमंत्री ने मितौली तहसील में कठिना नदी पर 90 मीटर लंबे पुल के निर्माण की मंजूरी दे दी है। पुल बनने से मैगलगंज होते हुए जिला मुख्यालय जाने पर 25-30 किमी की दूरी कम हो जाएगी।
लोक निर्माण विभाग मंत्री जितिन प्रसाद की तरफ से बताया गया कि जनपद के विधानसभा कस्ता के ब्लॉक मितौली में कठिना नदी के लोहिया घाट पर एक सेतु के साथ पहुंच मार्ग औक एक अतिरिक्त पहुंच मार्ग को सीएम योगी ने मंजूरी दे दी है। यह पुल मंत्री जितिन प्रसाद की वित्तीय वर्ष 2023-24 की कार्ययोजना में तय हुआ है। निर्माण उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम करवाएगा। लोहिया घाट पर बनने वाले 90.23 मीटर लंबे पुल की लागत 14 करोड़ निर्धारित की गई है। इसके अलावा पुल से जुड़ाव के लिये लोहियापुरवा संपर्क मार्ग भी बनाया जाएगा।
ये भी पढ़ें- Bareilly News: पति ने फोन पर भेजे अश्लील मैसेज, पत्नी ने दर्ज कराई रिपोर्ट; जानें क्या है पूरा मामला
पूरे प्रोजेक्ट पर कुल 16.8 करोड़ की धनराशि निर्धारित की गई है। वर्तमान में प्रस्तावित सेतु स्थल पर रपटा सेतु बना हुआ है। बरसात के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ जाने के कारण नदी का प्रवाह रपटा सेतु के ऊपर से बहने लगता है। इससे स्थानीय नागरिकों को परेशानी होती है और नाव का सहारा लेना पड़ता है। नागरिकों को लखीमपुर-मैगलगंज मार्ग होते हुए 25-30 किमी की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।
उधर, ग्रामीणों का कहना है कि पुल निर्माण से हर मौसम में लोगों का आवागमन सामान्य रूप से हो सकेगा। किसान अपनी फसलें सीधे जिला मुख्यालय लाकर बेच पाएंगे। वहीं, स्थाानीय जनता व विद्यार्थी समेत आमजन स्कूल, कॉलेज और बाजार समय से पहुंच सकेंगे। इससे ग्रामीण इलाके के लोगों को भी बड़ी संभावनाएं मिल सकेंगी।