लखीमपुर खीरी। रबी सीजन में निशुल्क सरसों बीज मिनी किट योजना के तहत जिले में संशोधित लक्ष्य 16,500 के सापेक्ष 14,286 किट की बुकिंग हो चुकी है। यह लक्ष्य का 86.58 प्रतिशत है। अब 2,214 किट की बुकिंग शेष है।
विज्ञापन
कृषि विभाग के अनुसार, सामान्य सरसों बीज के 121 क्विंटल लक्ष्य के मुकाबले 13 क्विंटल और गेहूं बीज के 18 हजार क्विंटल लक्ष्य के सापेक्ष 7,332 क्विंटल की बुकिंग हुई है।
जिला कृषि अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने किसानों से अनुदान पर सरसों और गेहूं का बीज व निशुल्क सरसों मिनी किट लेने के लिए विभागीय पोर्टल upagriculture.gov.in पर जल्द बुकिंग कराने की अपील की है। पहले बुकिंग करा चुके किसान संबंधित राजकीय कृषि बीज भंडार से बीज प्राप्त कर लें। किसानों की सुविधा के लिए सभी राजकीय कृषि बीज भंडार दो दिन और पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार खुले रहेंगे।