वादे पर अमल न होने पर किसानों ने जताया गुस्सा
लखीमपुर खीरी। किसान दिवस पर बुधवार को हुई गोष्ठी में बकाया गन्ना मूल्य के भुगतान का मुद्दा छाया रहा। पिछली बैठकों में नए पेराई सत्र के प्रारंभ से पहले भुगतान कराने के वादे पर अमल न होने से किसानों ने नाराजगी जताई और जिला गन्ना अधिकारी से सवाल किये। आर्थिक तंगी से जूझ रहे किसानों ने अपनी समस्याएं भी गिनाई, जिससे बैकफुट पर आए जिला गन्ना अधिकारी (डीसीओ) ब्रजेश कुमार पटेल ने माइक संभाला। उन्होंने करीब एक घंटे तक किसानों को समझाने का प्रयास किया। कहा कि 30 नवंबर तक सभी को गन्ना मूल्य का भुगतान करा दिया जाएगा।
विकास भवन के सभागार में उपनिदेशक कृषि लालबहादुर यादव ने कहा कि जनपद में गन्ने का एरिया बढ़ रहा है, जिससे दलहन और तिलहन का एरिया कम हुआ है। उन्होंने कहा कि फसलों के उत्पादन एवं उत्पादकता वृद्धि के लिए 12 से 14 दिसंबर और 16 से 18 दिसंबर 2018 तक किसान पाठशाला गांवों में लगाई जाएंगी। इसमें पशुपालन विभाग भी सहभागिता करेगा। छह नवंबर 2018 तक अपलोड किए गए कृषि यंत्रों के अनुदान के लिए डीबीटी कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि क्रय किये यंत्रों का सत्यापन भारत सरकार द्वारा गठित टीम करेगी। इसमें यंत्रों में कमी पाए जाने पर संबंधित किसान और कृषि यंत्र विक्रेता की जिम्मेदारी तय होगी। अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) जितेन्द्र नाथ श्रीवास्तव ने कहा कि परियोजना सही हो तो अपने नजदीकी बैंक से ऋण प्राप्त किया जा सकता है। किसान अशोक वर्मा ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि बैंक द्वारा पासबुक अपडेट नहीं की जा रही है। इस पर एलडीएम ने कहा कि स्टाफ की कमी है। सीमित संसाधनों में कार्य कराया जा रहा है। इससे बैंक पासबुक की इंट्री में विलंब हो जाता है।
पशुओं को ठंड से बचाने का करें उपाय
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञनिक डॉ. एनके त्रिपाठी ने कहा कि सर्दी का सीजन शुरू हो चुका है। दुधारू पशु, बकरी, मुर्गी पालन कर रहे किसानों को ध्यान देना होगा। पशुओं को ठंड के प्रकोप से बचाने के लिए दाने की मात्रा को बढ़ा दें, जिससे पशुओं का शरीर गर्म रहेगा। शरीर की रक्षा के लिए अधिकतम 1250 ग्राम दाना दिया जा सकता है। बकरियों को बोरेे से ढ़क कर रखें और प्रत्येक बकरी को कम से कम 300 ग्राम दाना देना आवश्यक है। अंडे देने वाली मुर्गी की 16 सप्ताह आयु होने पर 20 घंटे प्रकाश की व्यवस्था करने से अंडा का उत्पादन बढ़ जाएगा।
मैंगों मिनी बग के प्रकोप से आम की बाग बचाए
उद्यान निरीक्षक मोहन लाल वर्मा ने बताया कि नवंबर और दिसंबर में आम के पेड़ों पर मैंगों मिनी बग (सफेद गुजिया कीट) का अटैक होता है। इसके नियंत्रण के लिए दिसंबर में नियंत्रण करें। नियंत्रण के लिए फॉलीडॉल का प्रयोग करें। इसके अलावा बताया कि राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत प्याज का बीज उपलब्ध है। किसान अपना रजिस्ट्रेशन कराकर बीज निशुल्क प्राप्त कर सकते हैं। आलू का बीज भी उपलब्ध है।
खराब नलकूप की दर्ज कराएं शिकायत
अधिशाषी अभियंता नलकूप अशोक कुमार ने बताया कि जनपद में 775 नलकूप स्थापित हैं, जिसमें 31 नलकूप खराब हैं। जबकि 148 नलकूप जीर्ण शीर्ण हो चुके हैं, जिनकी मरम्मत का प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होंने बताय कि 21 नए नलकूप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नलकूप की खराबी के लिए किसान शिकायत दर्ज कराएं। यांत्रिक खराबी के लिए टोल फ्री नंबर 18001805450, विद्युत खराबी के लिए 18001800440, सीयूजी नंबर 9454414260 और 9454414261 पर दर्ज कराएं।
नौ हजार अवैध सट्टे बंद कराए, नोटिस दी
जनपद में गन्ने का एरिया 27 प्रतिशत बढ़ा है, जिससे मिलों पर पेराई का दबाव बढ़ना तय है। जनपद में नौ चीनी मिलें हैं, जबकि पड़ोसी सीतापुर जिले की हरगांव चीनी मिल को 50 प्रतिशत गन्ना लखीमपुर से आपूर्ति होता है। किसानों ने शिकायत करते हुए कहा कि साफ्ट लोन के चलते कई मिलें भुगतान नहीं कर रही हैं। इस पर डीसीओ ने बताया कि प्रदेश को एक हजार करोड़ रुपये साफ्ट लोन मिला है, जिसके आवंटन की प्रक्रिया चल रही है। सब्सिडी की धनराशि भी जल्द मिलने वाली है। डीसीओ ने बताया कि गोला ने 74 प्रतिशत, पलिया ने 62, खंभारखेड़ा ने 73, ऐरा ने 57, अजवापुर ने 84, कुंभी ने 82, गुलरिया ने 82, बेलरायां ने 93 और संपूर्णानगर ने 94 प्रतिशत भुगतान किया है। उन्होंने कहा कि माफियाओं और दलालों पर अंकुश लगाते हुए नौ हजार अवैध सट्टे बंद कर दिए गए हैं, जिनको नोटिस भी दी गई है।