पर्वतिया घाट में शावकों के साथ दिखी बाघिन
ग्रामीणों ने वन विभाग को दी सूचना
पलियाकलां। दुधवा नेशनल पार्क से सटे पर्वतिया घाट गांव में उस समय हड़कंप मच गया। जब खेतों की तरफ गए ग्रामीणों को दो शावकों के साथ बाघिन दिखाई दी। इसके बाद आग की तरह यह खबर पूरे गांव में फैल गई। ग्रामीणों ने बताया कि कई दिनों से यह बाघिन इलाके में चहलकदमी कर रही है। कई ग्रामीणों को तो पगचिन्ह भी दिखाई दिए हैं, जिससे उनमें हड़कंप मचा हुआ है।
जंगल से सटे गांवों में दुधवा टाइगर रिजर्व के जंगली जानवरों की चहलकदमी आए दिन बनी रहती है। कभी जंगल से निकला हाथियों का झुंड किसानों के खेतों में पहुंचकर उनकी फसल को अपने पैरों तले रौंदकर बर्बाद कर देता है तो कभी बाघ गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों के पालतू पशुओं को अपना निवाला बना लेते हैं। गुरुवार की देर शाम गांव में आबादी के पास अपने दो शावकों के साथ बाघिन ने दस्तक दी। शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों को गांव के आसपास बाघिन के होने की जानकारी तब हुई, जब उन्हें बाघिन व उसके शावकों के पगचिन्ह मिले। ग्रामीणों के अनुसार उनका गांव जंगल के पास स्थित है इसलिए आए दिन जंगली जानकर उनके गांव के पास आ जाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि यह बाघिन कई दिनों से इलाके में चहलकदमी कर रही है जिसकी सूचना वन विभाग को भी दी गई है। वन विभाग ने अकेले खेतों की तरफ न जाने की सलाह भी दी है।