कुत्ते से टकराए बाइक सवार की मौत
हेलमेट लगा होता तो बच सकती थी जान
अमर उजाला ब्यूरो
धौरहरा। ढखेरवा चौराहा से अपने गांव लोहरीपुर आ रहे एक 24 वर्षीय युवक की बाइक शुक्रवार को आवारा कुत्ते से टकरा गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार की रात उसकी मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के गांव लोहरीपुर निवासी श्यामू भार्गव शुक्रवार को ढखेरवा बाजार गया था। शाम करीब सात बजे वह अपने घर वापस आ रहा था। रमियाबेहड़ में आवारा कुत्ते लड़ते हुऐ अचानक उसकी बाइक के सामने आ गए, जिससे श्यामू भार्गव अनियंत्रित होकर बाइक समेत सड़क पर गिर गया। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई और वह घायल हो गया। रमियाबेहड़ चौराहा पर मौजूद ग्रामीणों ने उसे सीएचसी मे भर्ती कराया, जहां से डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल भेजा। शनिवार रात श्यामू की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि युवक हेलमेट नहीं लगाए था। यदि हेलमेट पहना होता तो उसकी जान बच सकती थी।