आत्महत्या करने ट्रेन के नीचे कूदा युवक, घायल
रविवार सुबह उचौलिया रेलवे स्टेशन पर घटी घटना
अमर उजाला ब्यूरो
उचौलिया। कस्बे के रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह पौने आठ बजे शाहजहांपुर की ओर जा रही मालगाड़ी के नीचे आत्महत्या करने के इरादे से एक युवक ने छलांग लगा दी। मालगाड़ी की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल होकर छिटककर प्लेटफार्म पर जा गिरा। हादसे के समय रेलवे स्टेशन पर मैगलगंज जाने वाले यात्रियों की भीड़ थी। जिससे वहां अफरा तफरी मच गई। स्टेशन मास्टर नफीस अहमद की सूचना पर यूपी 100 घायल युवक को इलाज के लिए ले गई। युवक का नाम पता नहीं पता चल सका है।
रविवार को अमावस्या के चलते उचौलिया रेलवे स्टेशन पर मैगलगंज मढ़ियाघाट जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक 25 वर्षीय युवक भी प्लेटफार्म पर बैठा था। इस दौरान सीतापुर की ओर से मालगाड़ी आती देख युवक आगे बढ़ा। वहां मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते कि युवक चलती गाड़ी के डिब्बे के नीचे कूद पड़ा, लेकिन पटरी पर जाने की बजाय वह डिब्बे में फंस गया। कुछ दूर तक घसीटने के बाद वह छिटककर प्लेटफार्म पर आ गिरा। हादसे में युवक का दायां पैर कट गया और बायीं आंख बुरी तरह जख्मी हो गयी। युवक के सिर में भी गंभीर चोट आयी है। लहूलुहान होकर युवक हादसे के बाद करीब एक घंटे तक वह वहीं पड़ा रहा। इसके बाद मौके पर पहुंची यूपी 100 उसे सीएचसी पसगवां ले गई।