बालिकाओं को सशक्त
बनाएंगी पॉवर एंजिल
डायट में 300 बालिकाओं को दिया जाएगा प्रशिक्षण
- प्रत्येक ब्लॉक से 20-20 बालिकाएं बनेंगी पॉवर एंजिल
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी।
बालिकाओं के अधिकारों और उनके मुद्दों के प्रति सजग एवं संवेदनशील बनाने को पॉवर एंजिल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इसमें उच्च प्राथमिक विद्यालय और कस्तूरबा गांधी विद्यालयों की छात्राओं का चयन किया जाएगा, जिन्हें डायट में तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद यह पॉवर एंजिल विद्यालयों में गठित मीना मंच के सक्रिय संचालन में भूमिका निभाएंगी।
कुल 300 छात्राओं को इस प्रशिक्षण में शामिल किया जाएगा। प्रत्येक ब्लॉक से 20-20 बालिकाओं का चयन पॉवर एंजिल के तौर पर करने के निर्देश सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को दिए गए हैं। जिला समन्वयक (बालिका शिक्षा) रेनू श्रीवास्तव ने बताया कि प्रत्येक ब्लॉक से 20 चयनित पॉवर एंजिल और उनके अभिभावकों से सहमति पत्र सहित प्रतिभाग करने के निर्देश दिए गए हैं। 300 पॉवर एंजिल का प्रशिक्षण जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में 50-50 के छह बैच में आठ मार्च से 24 मार्च 2018 तक दिया जाएगा।
प्रशिक्षण पूर्णतया आवासीय होगा, जिसके लिए बालिकाओं को पूरी तैयारी के साथ प्रतिभाग करने के निर्देश दिए गए हैं। अनावश्यक रूप से शिक्षकों और अभिभावकों की उपस्थिति प्रशिक्षण के दौरान डायट पर न हो, जिसके लिए बीईओ को किसी एक जिम्मेदार सह समन्वयक/मीना सुगमकर्ता को टीम लीडर बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
मीना मंच सुगमकर्ता को
भी मिलेगा प्रशिक्षण
मीना मंच की गतिविधियों को संचालित करने के लिए सभी ब्लॉकों के उच्च प्राथमिक विद्यालयों की 1156 सुगमकर्ताओं को दो दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए डायट में 15 मार्च से 24 मार्च तक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने में पॉवर एंजिल महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। कुल 300 में से 100 ऐसी बालिकाओं का चयन किया जाएगा, जो पिछले वर्ष प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी हैं। शेष 200 नवीन बालिकाओं का चयन किया गया है।
- बुद्ध प्रिय सिंह, बीएसए