दुधवा टूरिस्ट सर्किट की संभावनाएं तलाशने पहुंचे डीडी बफरजोन
बांकेगंज। दुधवा नेशनल पार्क में नगरिया और मड़हा को जोड़कर टूरिस्ट सर्किट बनाने की दिशा में काम शुरू हो गया है। दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन उप-निदेशक डॉ. अनिल कुमार पटेल ने सोमवार को नगरिया और मड़हा का भ्रमण कर उसे पर्यटन योग्य बनाए जाने की संभावनाएं देखीं। उन्होंने नगरिया झील में पक्षियों की सुरक्षा प्रबंध का भी जायजा लिया।
दुधवा नेशनल पार्क में नए टूरिस्ट सर्किट में नगरिया झील और मड़हा को टूरिस्ट सर्किट में शामिल करने का प्रस्ताव डीडी बफरजोन डॉ. अनिल कुमार पटेल पहले ही दुधवा नेशनल पार्क के फील्ड डाइरेक्टर रमेश कुमार पांडेय को भेज चुके हैं। उन्होंने सैद्धांतिक रूप से इसकी सहमति भी दे दी है। कुछ औपचारिकताएं पूरी करने के बाद किशनपुर सेंक्चुरी से भीरा जंगल होते हुए मड़हा और वहां से बांकेगंज के निकट नगरिया झील तक टूरिस्ट कारीडोर बनाकर इन स्थलों को टूरिस्ट सर्किट से जोड़ दिया जाएगा। नगरिया झील और मड़हा का निरीक्षण करने के बाद डीडी बफरजोन ने बताया कि नगरिया झील में सर्दियों में बड़ी संख्या में प्रवासी परिंदे आते हैं, और चार महीने यहां प्रवास करते हैं। यही समय दुधवा पार्क के पर्यटन का होता है। कहा कि इस टूरिस्ट सर्किट के बन जाने से दुधवा आने वाले सैलानी दुर्लभ वन्यजीवों के साथ-साथ ठंडे देशों से आने वाले रंग-बिरंगे प्रवासी परिंदों के कलरव का आनंद उठा सकेंगे। डीडी ने बताया कि नगरिया झील में वॉच टावर पहले से बने हुए हैं। इनका सुधार करके सैलानियों के बैठने के लिए बेंच आदि की व्यवस्था की जाएगी। मड़हा के सैलानी वहां के पुराने गेस्ट हाउस में रुककर भी जंगल का आनंद ले सकेंगे।
डीडी ने लिया तेंदुआ प्रभावित इलाके का जायजा
डीडी बफरजोन डॉ. अनिल कुमार पटेल ने मैलानी रेंज के जटपुरा बीट आबादी के निकट पांच माह से सक्रिय तेंदुआ प्रभावित चौधीपुर गांव का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत भी की। तेंदुए को पकड़ने के लिए लगाए गए पिंजड़े का निरीक्षण कर उन्होंने वन कर्मियों से उसकी निगरानी के निर्देश दिए।