लखीमपुर खीरी। शासन की तरफ से व्यक्तिगत शौचालय के निर्माण के लिए धनराशि भेज दी गई है। 7866 लाभार्थियों को प्रथम किस्त में 4.68 करोड़ रुपये व 3337 लाभार्थियों को दूसरी किस्त के रूप में 2.22 करोड़ रुपये खातों में भेजे गए। अब तक बजट न होने से निर्माण कार्य अटके हुए थे।
व्यक्तिगत शौचालयों के लिए पहले सचिव स्तर से पात्रता का सत्यापन होता है। इसके बाद एडीओ सत्यापन कर रिपोर्ट लगाकर फाइल डीपीआरओ के यहां भेजते हैं। डीपीआरओ कार्यालय से मांग बनाकर शासन को भेजा जाता है। जनपद से हजारों की संख्या में लाभार्थियों की मांग भेजी गई, जिसमें 7866 लाभार्थियों के लिए 6.68 करोड़ रुपये का बजट विभाग को मिला है, जो लाभार्थियों को बैंक खातों में भेजे गए। डीपीआरओ विशाल सिंह इस भुगतान के अलावा करीब 8200 लाभार्थियों की करीब पांच करोड़ रुपये की डिमांड और भेजी गई, जिसका बजट भी आने की उम्मीद है।
डीपीआरओ ने बताया कि जीरो प्रावर्टी के 16 हजार लाभार्थियों ने आवास की डिमांड की है, जिसकी भी डिमांड भेजी जाएगी। जीरो प्रावर्टी में करीब 29 हजार परिवार हैं।