शिकायत के बाद यूनिफार्म भुगतान के मामले ने पकड़ा तूल
बीएसए भी नहीं करा सके मामले का निपटारा
अम उजाला ब्यूरो
महेवागंज खीरी। ब्लाक क्षेत्र फूलबेहड़ के एक प्राथमिक स्कूल में करीब डेढ़ साल पहले बच्चों को बांटी गई यूनिफार्म भुगतान का मामला तूल पकड़ रहा है। यूनिफार्म बिक्री करने वाला टेलर भुगतान की फरियाद के लिए जहां अधिकारियों की परिक्रमा कर रहा है। वहीं इसको लेकर जिम्मेदारों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया है।
सदर तहसील के गांव प्रतापपुर निवासी साहिद अली ने बताया कि वह कपड़ों की सिलाई करता है। बीते जुलाई 2017 को फूलबेहड़ ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय भीखमपुर में उसने पूर्व इंचार्ज प्रधानाध्यापिका अनीता पाल राजवंशी के कहने पर स्कूल में यूनिफार्म का वितरण कराया था। बताया जिसका भुगतान उसे अब तक नहीं किया गया है। बताया जब पूर्व इंचार्ज रही अनीता पाल से भुगतान की मांग की तो उन्होंने नवागत प्रधानाध्यापिका के पास भेज दिया। पीड़ित का आरोप है कि मौजूदा इंचार्ज ने एसएमसी रजिस्टर के न होने की बात कह भुगतान करने से मना कर दिया। इस पर वह एसडीआई कार्यालय पहुंचा तो वहां उसे यूनिफार्म का ऑर्डर देने वाले से ही चेक लेने की नसीहत देकर टरका दिया गया। बीएसए भी मामले का निपटारा नहीं करा सके। पीड़ित ने समाधान दिवस में फरियाद की है।
---------
पूर्व इंचार्ज रही अनीता पाल ने अपने माध्यम से यूनिफार्म का वितरण करवाया था। रजिस्टर में एसएमसी समिति के पदाधिकारियों के हस्ताक्षर नहीं थे। रजिस्टर वापस कर नियमानुसार दस्तावेज पूर्ण कर लाने को कहा गया था। रजिस्टर आज तक नही मिल सका है। रजिस्टर मिलते ही ड्रेस का भुगतान करा दिया जाएगा।
-शोभनाथ यादव एसडीआई. फूलबेहड़
--------
दस जनवरी को मैंने एसडीआई के समक्ष श्वेता पुरवार को समस्त चार्ज दे दिया है।नियमानुसार ही ड्रेस का वितरण कराया था। कार्यवाई रजिस्टर पूर्ण था। आरोप तथ्यहीन है।
- अनीता पाल राजवंशी पूर्व इंचार्ज भीखमपुर प्राथमिक विद्यालय, फूलबेहड़