बच्ची को पिकअप ने टक्कर मारी, मौत
अमर उजाला ब्यूरो
निघासन। रिश्तेदारी से अपने घर मां के साथ जा रही थाना सिंगाही के गांव हरद्वाही निवासी पांच साल की बच्ची को पिकअप ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गई। आनन फानन जिला अस्पताल में उसे भर्ती कराया गया लेकिन इलाज के दौरान ही मौत हो गई।
सिंगाही थाना क्षेत्र के गांव हरद्वाही निवासी राकेश कुमार की पत्नी सुनीता अपनी पांच वर्षीय बेटी प्रियांशी को लेकर दो दिन पहले रकेहटी निवासी अपने मौसा सूरज के घर आई थी। रविवार को वह अपने घर जाने के लिए दोपहर करीब 12 बजे बस के इंतजार में रकेहटी बस अड्डे पर खड़ी थी। इसी बीच निघासन से ढखेरवा की ओर जा रही पिकअप के चालक ने सामने से आ रही एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में प्रियांशी को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंची यूपी 100 पुलिस घायल बच्ची को सीएचसी लेकर आई, जहां से डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिवार के लोग उसे जिला अस्पताल ले गए, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है।