लखीमपुर खीरी।
शहर के मोहल्ला बेगमबाग और शिवपुरी में शुक्रवार को हरे रंग के झंडे और नारे लगाए जाने को लेकर बखेड़ा हो गया। लोगों को इसकी जानकारी हुई तो सूचना पुलिस को दी गई। कोतवाली पुलिस ने बिजली के खंभों और सार्वजनिक जगहों पर हरे रंग के झंडे उतरवाकर दिए। इसके बाद मामला शांत हो गया।
मोहल्ला बेगमबाग और शिवपुरी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे से एक दिन पहले शुक्रवार को हरे झंडे लगाए जाने और नारेबाजी का मामला सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप में वायरल हुआ। देखते ही देखते पाकिस्तान के एक कुख्यात आतंकी सरगना के नाम पर नारेबाजी करने की खबर वायरल होने लगी। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया। कोतवाली पुलिस मोहल्ले में पहुंची तो बिजली के खंभों पर हरे झंडे लगे मिले। कोतवाल ने खंभों पर लगे झंडों को उतरवा दिया।
एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने बताया कि बिजली के खंभों पर कुछ लोगों ने हरे रंग के झंडे लगाए थे, जिसको लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति उठाई थी। पुलिस मौके पर गई, लेकिन नारेबाजी की पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है।