कलक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री के लाइव कार्यक्रम के दौरान आवास के लाभार्थी। स्रोत सूचना
लखीमपुर खीरी। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना 2.0 के तहत जिले के 600 लाभार्थियों के बैंक खातों में पहली किस्त के रूप में एक-एक लाख रुपये भेजे गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश स्तर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह राशि ऑनलाइन हस्तांतरित की। खातों में पैसा पहुंचने पर लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया, जिसमें बड़ी संख्या में लाभार्थी भी मौजूद रहे। इस मौके पर विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल पक्का घर देने की योजना नहीं, बल्कि गरीबों को सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भर भविष्य देने का माध्यम है। उन्होंने लाभार्थियों से आवास निर्माण में गुणवत्ता बनाए रखने की अपील की।
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि यह योजना गरीबों के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की सौगात है। वहीं एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश के करीब 90 हजार लाभार्थियों को एक क्लिक के जरिए एक-एक लाख रुपये की पहली किस्त भेजी है, जिसमें खीरी जिले के नगरीय निकायों के 600 लाभार्थी शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए।