लखीमपुर खीरी। पंचायत चुनाव की मतदाता सूची से अब तक 56,039 डुप्लीकेट मतदाता हटाए जा चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा धाैरहरा तहसील में हैं। इसके अलावा करीब 4,398 मृतक व स्थान परिवर्तन वाले मतदाताओं को भी बीएलओ ने मिटाया है। करीब 17,588 वोटरों का आंकड़ा शेष है, जिनको भी जांच के बाद हटाया जाएगा। कुल 3.53 प्रतिशत काम बचा है।
जिले के 15 ब्लॉकों की 1164 ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची में करीब 27.53 लाख मतदाता हैं। निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची में शामिल संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं को चिह्नित कर सत्यापन के निर्देश दिए थे। जिले में संभावित 4,97,966 डुप्लीकेट मतदाता के रूप में समने आए।
वोटर का नाम, पिता का नाम व पता एक ही जैसे होने के चलते उन वोटरों को डुप्लीकेट का नाम दिया गया। इसके बाद सत्यापन शुरू कराया गया। इसके लिए 1680 बीएलओ लगाए गए। अब तक के सत्यापन में 497966 के सापेक्ष 419941 मतदाता सही पाए गए। यानी उस नाम के अन्य व्यक्ति भी हैं। ऐसे में उनको संभावित डुप्लीकेट की सूची से हटाकर सही सूची में शामिल कर दिया गया।
पंचायत एवं नगरीय के सहायक निर्वाचन अधिकारी सरोज कुमार ने बताया कि डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने का काम चल रहा है।