दुधवा नेशनल पार्क के नकउहा नाले का द्वार। फाइल फोटो
पलियाकलां। वर्तमान पर्यटन सत्र में एक नवंबर से खुले दुधवा नेशनल पार्क में अब तक 5832 सैलानियों ने भ्रमण किया है। इससे एक दिसंबर तक दुधवा को 36 लाख 96 हजार 67 रुपये का राजस्व मिला है। हालांकि, इसमें किशनपुर रेंज का आंकड़ा शामिल नहीं है।
दुधवा में हर साल पर्यटन सत्र शुरू होने के बाद से ही सैलानी आने शुरू हो जाते हैं। दुधवा में एक नवंबर से 30 नवंबर तक पार्क भ्रमण करने के लिए जंगल सफारी, पर्यटन परिसर समेत रात्रि विश्राम करने वाले देशी सैलानियों की इस संख्या में 132 विदेशी नागरिक भी पहुंचे। इसमें 63 पुरुष, 65 महिलाएं व चार बच्चे शामिल रहे।
दुधवा नेशनल पार्क के डिप्टी डायरेक्टर जगदीश आर ने बताया कि एक माह में सैलानियों की अच्छी तादाद देखी गई है। आगे नए साल और अन्य छुट्टियों पर दुधवा में सैलानियों की आमद के लिए पार्क प्रशासन तैयार है।
पलिया के लैंडमार्क होटल के स्वामी अंकुर जायसवाल व पलिया के पाॅम रिसॉर्ट के मालिक बालकराम ने बताया कि पर्यटन के साथ शादियों का सीजन तेजी से चल रहा है। दुधवा आने वाले सैलानियों का ध्यान रखने हुए उनको जंगल सफारी कराने पर ध्यान दिया जा रहा है।