धनगढ़ी-नेपाल। धनगढ़ी में शुक्रवार की देर शाम को एक भारतीय ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार नेपाली युवक की मौत हो गई और एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे की मिली सूचना के बाद परिजनों के साथ ही भारी संख्या में पहुंचे लोगों ने ट्रक में आग लगा दी। इसके साथ ही मार्ग बंद कर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस छोड़कर ट्रक चालक को हिरासत में लेकर देर रात पुलिस रास्ता खुलवा सकी।
धनगढ़ी में बन रही मोहाना-अतरिया सिक्स लेन सड़क के तहत राजपुर गांव के सामने शुक्रवार देर शाम लगभग सात बजे भारतीय नंबर यूपी 31 टी 4817 नंबर के ट्रक तथा सामने से आ रही स्कूटी से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार 26 वर्षीय टेक बहादुर बलायर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि स्कूटी पर पीछे बैठी युवती पूजा तमांग भी गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे धनगढ़ी के सेती अंचल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों तथा परिजनों ने रास्ता जाम करते हुए ट्रक में तोड़फोड़ करने के बाद उसमें आग लगा दी। मौके पर कैलाली डीएसपी दक्ष कुमार बसनेत भारी पुलिस बल को लेकर पहुंचे और भीड़ का नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन गुस्साई भीड़ इस पर भी नहीं मानी तो पुलिस बल ने आंसू गैस छोड़कर भीड़ का नियंत्रित किया। पुलिस के अनुसार ट्रक चालक रविशंकर निवासी लखीमपुर खीरी को हिरासत में ले लिया गया है तथा उस पर पुलिस कार्रवाई की गई है। देर रात तक हंगामा होने के कारण रात 12 बजे जाम खुल सका।