लखीमपुर- बांकेगंज। लखीमपुर मैलानी के बीच अमानपरिवर्तन का काम पूरा करने के लिए रेलवे ने 31 मई की तिथि निर्धारित कर रखी है। जैसे-जैसे यह तिथि करीब आती जा रही है वैसे वैसे कार्यदायी संस्था का कार्य भी रफ्तार पकड़ रहा है। अधिकारियों की निरंतर निगरानी के चलते जल्द ही शुरू हुआ सिग्नल कार्य भी करीब 70 प्रतिशत तक पूरा चुका है। रेलवे अधिकारियों का दावा है कि 31 मई तक यदि काम पूरा हो जाता है तो जून के पहले सप्ताह में ही सीआरएस ट्रॉयल करा दिया जाएगा, जिससे करीब 20 जून तक बड़ी लाइन की ट्रेनें रूट पर दौड़ सकें।
बांकेगंज-मैलानी के बीच जंगल में रेलवे लाइन होने के कारण अमानपरिवर्तन कार्य में तमाम व्यवधान आ रहे थे। जिस कारण निर्माण कार्य गति नहीं पकड़ पा रहा था, लेकिन कार्य पूरा करने की निर्धारित तिथि करीब आते देख कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने काम में तेजी ला दी है। इसके तहत जंगल के अंदर पड़ने वाली 16 किलोमीटर लंबी रेल लाइन किनारे सिग्नल का काम भी लगभग 70 प्रतिशत पूरा हो चुका है। वहीं सिग्नल का जो काम शेष रह गया है उसे भी विभागीय लोग दस दिन में पूरा करने का दावा कर रहे हैं। हालांकि जंगल के अंदर ओफसी केबिल डालने का प्रगति पर है। इससे बाद सिर्फ सिग्नल का ट्रायल होना रह जाएगा।
अंतिम चरण में है पैकिंग एवं लेवलिंग का काम
लखीमपुर मैलानी के बीच अमानपरिवर्तन का काम जल्द से जल्द से पूरा हो इसके लिए कार्यदायी संस्था के अधिकारी निरंतर मॉनीटरिंग कर रहे हैं। शनिवार को मोटर-ट्रॉली से अधिकारियों ने रेलवे ट्रैक का निरीक्षण कर मिली कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। वहीं लखीमपुर से मैलानी तक के रेलवे ट्रैक की पैकिंग एवं लेवलिंग का काम अंतिम चरण में हैं। इसके आठ दस दिनों में पूरा होने की उम्मीद है। वहीं सिग्नल कनेक्शन को जोड़ने, ट्रैक किनारे ओएफसी केबलिंग डालने और उसकी टेस्टिंग का काम भी तेजी पर है।
प्लेटफार्म की फर्श बनकर तैयार
बांकेगंज स्टेशन का प्लेटफार्म करीब 400 मीटर लंबा हैं। इसकी फर्श का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। वहीं दोनों प्लेटफार्म पर बांकेगंज स्टेशन लिखे बोर्ड भी लग चुके हैं। कार्यदायी संसथा आरवीएनएल के लोगों का कहना है कि लखीमुपर-मैलानी के बीच ट्रैक दुरुस्त है। बांकेगंज-मैलानी के बीच सिग्नल का काम भी अंतिम चरण में हैं। इसके पूरा होते ही सीआरएस को ट्रॉयल के लिए लिखा जाएगा, जिससे जून के पहले सप्ताह में ट्रॉयल कराकर ट्रेनों का संचालन शुरू कराया जा सके।
लखीमपुर सीतापुर के बीच ट्रेन संचालन रेलवे बोर्ड की अनुमति मिलने के बाद ही शुरू होगा। फिलहाल ट्रेन संचालन संबंधी तैयारियां सभी पूरी हैं और कार्यदायी संस्था को लखीमपुर-मैलानी के बीच 31 मई तक हर हालत में काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
विजय लक्ष्मी कौशिक, डीआरएम
पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल