खीरी टाउन। लखीमपुर रोड स्थित एक प्लाईवुड फैक्टरी के जेनरेटर कक्ष में शनिवार की सुबह अचानक आग लग गई, जिससे वहां हड़कंप मच गया। आग बुझाने का प्रयास करते समय एक कर्मचारी भी मामूली रूप से झुलस गया है। इस अग्निकांड में करीब 20 लाख से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है।
शहर निवासी गोपाल अग्रवाल ने बताया कि उनकी गणेश प्लाईवुड फैक्टरी लखीमपुर-खीरी टाउन रोड पर है। शनिवार की सुबह अचानक जेनरेटर रूम में आग लग गई। इससे वहां हड़कंप मच गया। सूचना पर दमकलकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। दमकल कर्मियों और फैक्टरी के वर्करों ने फायर उपकरणों से आग पर काबू पाया। आग बुझाने का प्रयास करते समय फिटर राजेंद्र मामूली रूप से झुलस गया, जिसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि इस अग्निकांड में रूम में लगे तीन जेनरेटर और ऊपर पड़ी टिनशेड जलकर नष्ट हो गई। उन्होंने करीब 20 लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने की आशंका जताई है।