लखीमपुर खीरी। शहर के मोहल्ला अलिया कॉलोनी निवासी एक युवती मोहल्ला नईबस्ती निवासी एक दंपति के यहां नौकरी करती है। कुछ दिन पहले युवती ने मालिक की पत्नी को रुपये उधार दिए थे। आरोप है कि उसने दंपति से रुपये मांगे तो वह आग बबूला हो गए और चोरी का आरोप लगाकर उसे कमरे में बंद करके पीटा। पीड़िता ने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
शहर की अलिया कॉलोनी निवासी शबाना ने बताया कि उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है। वह अपने भाइयों के साथ रहती है। अपना जीवन यापन करने के लिए मोहल्ला नईबस्ती निवासी एक महिला के घर पर प्रति माह 7500 रुपये में सिलाई-कढ़ाई का काम करती है। पिछले तीन महीने से उसे मालिक ने तनख्वाह नहीं दी। पांच हजार रुपये मुझसे (शबाना) से यह कहकर उधार लिए थे कि काम का पैसा आएगा तो वापस कर देंगे। इस पर उसने बैंक जाकर पैसा निकालकर मालिक की पत्नी को दे दिए। बुधवार को जब उसने पैसा मांगा तो 65 हजार रुपये की चोरी करने का इल्जाम लगाकर कमरे में बंद करके महिला ने अपने पति और एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की। बिजली का करंट लगाने की धमकी देकर जबरन चोरी कबूल करवाई। पीड़ित ने घटना की तहरीर सदर कोतवाली पुलिस को दी है।
पीड़ित महिला ने तहरीर दी थी। पैसे के विवाद में चोरी का आरोप लगाकर मारपीट करने और करंट लगाने की धमकी देने का आरोप लगाया था। दोनों पक्षों ने आपसी समझौता कर लिया है। इस पर महिला ने कार्रवाई से इंकार कर तहरीर वापस ले ली है।
- अशोक कुमार पांडेय, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर