लखीमपुर खीरी। आसमान में घिर रहे बादल एक बार फिर किसानों को डराने लगे हैं। मौसम विज्ञानियों ने संभावना जताई है कि बुधवार और गुरुवार को बारिश हो सकती है। मंगलवार की सुबह से ही बादल छाए रहे जिससे धूप पूरी तरह से नहीं निकल पाई। दोपहर करीब 12 बजे बादल छटे तो चमकदार धूप निकली लेकिन कुछ देर बाद ही फिर सूर्य देव बादलों की ओट में चले गए। हालांकि तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
सुबह बदल छाये रहने के साथ ही हवा भी चलती रही। आशंका है कि कुछ इलाकों में अगले दो दिनों में बारिश हो सकती है। कहीं कहीं ओले भी गिर सकते हैं। इससे ठंड में भी इजाफा हो सकता है। मौसम के इस बदलाव को लेकर किसान चिंतित हैं। उनका कहना है कि दो दिन पहले कई जगहों पर ओले गिरे जिससे फसलों को नुकसान पहुंचा यदि फिर ओले गिर गए तो फसलें और प्रभावित हो सकती हैं। सब से ज्यादा असर आलू, टमाटर, सरसों की फसल पर पड़ेगा।