जिले में धूल भरी आंधी से जनजीवन अस्तव्यस्त
फसलों को नुकसान लेकिन बूंदाबांदी से मिली राहत
11एलकेएच503, 651
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और धूल भरी आंधी के साथ कई जगह बारिश भी हुई। इससे कुछ देर के लिए जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। आंधी का प्रकोप शहर में कम रहा जबकि ग्रामीण इलाके में आंधी से किसानों की फसलों को काफी नुकसान हुआ है। कई जगह हल्की बारिश होने की भी सूचना मिली है। इससे फसलों को फायदा भी पहुंचा है। इसके बाद किसानों को कुछ राहत पहुंची है।
बांकेगंज। कस्बे में बृहस्पतिवार अपरान्ह पांच बजे करीब आसमान में छाई काली घटा के बाद धूल भरी आंधी आई और हल्की बारिश हुई। इसके चलते जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। तेज आंधी से गन्ने की फसल गिर गई।
विज्ञापन
मैलानी। यहां दोपहर बाद आसमान में बादल छा जाने से अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। आलम यह हो गया कि चार बजे दिन में भी वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। बादलों के साथ ही तेज हवाएं भी चलना शुरू हो गईं शाम साढ़े चार बजे आंधी के साथ ही हल्की बूंदाबांदी भी हुई। तेज आंधी से किसानों के खेतों में पककर तैयार खड़ी धान और गन्ने की फसल गिर गईं। इससे किसानों को नुकसान पहुंचा है। किसानों का कहना है कि जहां आंधी से उन्हें नुकसान पहुंचा हैं वहीं हल्की बारिश फायदेमंद साबित हुई है।
बिजुआ। तितली तूफान की आहट से बिजुआ भी अछूता नहीं रहा। शाम पांच बजे मौसम ने करवट बदलनी शुरू कर दी थी। कुछ देर बाद आसमान धूल की चादर से पट गया और बूंदा-बांदी शुरु हो गई। तैयार खड़ी फसल को कुछ नुकसान पहुंचा है।