लखीमपुर खीरी। विद्युत संविदा मजदूर संगठन के बैनर तले संविदा कर्मियों ने प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष रविंद्रनाथ सिंह ने कहा कि संविदा कर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों के घरों को रोशन कर रहे हैं, लेकिन कर्मियों का जीवन अंधकारमय हो गया है। संविदा कर्मी कई समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है।
नई बस्ती उपकेंद्र पर संविदा कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया, जिसमें प्रदेश के ऊर्जामंत्री द्वारा संविदा कर्मियों को बिचौलिए ठेकेदारों के बजाय सीधे विभाग से मानदेय देने के आश्वासन पर चर्चा की गई। कर्मियों ने इस आश्वासन को लागू करने में की जा रही देरी पर सवाल उठाए। सीधे विभाग से कर्मियों को भुगतान की व्यवस्था जल्द लागू करने की मांग जोरशोर से रखी गई। ईपीएफ विभाग द्वारा सीधे कार्यालय में जमा कराने की मांग उठाई। ऊर्जा निगमों में रिक्त पदों पर संविदा कर्मियों को समायोजित करने की मांग की गई। प्रदर्शन के बाद 10 सूत्री मांगपत्र डीएम के माध्यम से पावर कार्पोरेशन के अध्यक्ष को भेजा है। प्रदर्शन को उपेंद्र कुमार तिवारी, शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया।