लखीमपुर खीरी। नेटवर्क की समस्या से जूझ रहे बीएसएनएल के उपभोक्ताओं को जल्द ही राहत महसूस होगी। शहर और आसपास के क्षेत्रों में 26 स्थानों पर इसी माह 4-जी बीटीएस लग जाएंगे। इसके बाद उपभोक्ताओं उन क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी के साथ ही इंटरनेट की रफ्तार मिलेगी, जहां पर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इसी माह में परीक्षण के बाद 4 जी सेवाएं शुरू करने का प्रयास है।
जिले में बीएसएनएल के लगभग 25 हजार मोबाइल उपभोक्ता हैं। इन्हें मोबाइल सेवाएं देने के लिए 132 बीटीएस लगे हुए हैं। ज्यादातर बीटीएस 2 जी नेटवर्क के हैं, जिसके चलते उपभोक्ताओं को बेहतर नेटवर्क नहीं मिल पा रहा है। नेटवर्क अपग्रेड न होने से बड़ी संख्या में उपभोक्ता बीएसएनएल नेटवर्क से चले गए। पिछले दस वर्षों में बीएसएनएल के उपभोक्ताओं की संख्या 74 हजार से घटकर 25 हजार पर आ गई। आंकड़ों से पता चलता है कि उपभोक्ताओं ने अपने नंबरों को दूसरे नेटवर्क पर पोर्ट करा लिया या फिर नंबर बंद कर लिए।
इसके कारण राजस्व को काफी नुकसान हुआ है। अब जिले के लिए 4 जी नेटवर्क के लिए 35 बीटीएस की स्वीकृति आने के साथ ही 26 स्थानों पर बीटीएस लगाने का कार्य संबंधित कंपनी द्वारा कराया जा रहा है। टीडीएम बीएस यादव ने बताया कि इसी माह शहर और आसपास के क्षेत्रों में 26 स्थानों पर 4 जी नेटवर्क उपलब्ध हो जाएगा। इसके साथ ही जिले भर की सभी 132 साइटों पर 4 जी बीटीएस लगाने की तैयारी है।
पहले चरण के बाद शेष साइटाें पर अगले चरण में बीटीएस लगाए जाएंगे। डीई मोबाइल जगदीश कुमार ने बताया कि 4 जी सेवाओं से उपभोक्ताओं को हाईस्पीड इंटरनेट और बेहतर नेटवर्क की सेवाएं मिलेंगी।