धौरहरा। तहसील क्षेत्र के गांव अमेठी में शत्रु संपत्ति में लगे पेड़ों को काटने के मामले में तहसीलदार ने स्थलीय निरीक्षण कर एसडीएम को रिपोर्ट भेजी है। एसडीएम ने सात आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की संस्तुति की है।
गांव अमेठी में 116 बीघा शत्रु संपत्ति पाकिस्तान गए खातेदार मोहम्मद सद्दीक वारिद हाल पाकिस्तान के नाम दर्ज खेतौनी थी। चकबंदी अधिकारी ने 28 अक्टूबर को उक्त भूमि राज्य सरकार में निहित कर दी थी।
28 नवंबर को हिन्दू संगठनों सहित अधिवक्ताओं ने शत्रु संपत्ति को भू-माफिया से मुक्त कराने के लिए प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा था। तहसीलदार आदित्य विशाल ने 16 दिसंबर तक भूमि खाली करने के लिए कब्जेदारों को नोटिस जारी की थी।
इसी बीच भू-माफिया ने चोरी से भूमि में लगे 49 पेड़ काटकर गायब कर दिए। खबर छपने के बाद एसडीएम राजेश कुमार और तहसीलदार आदित्य विशाल बृहस्पतिवार को काटे गए पेड़ों का भौतिक सत्यापन करने पहुंचे, तो 49 पेड़ गायब मिले। इन पेड़ों की अनुमानित कीमत करीब दस लाख रुपये है।
एसडीएम राजेश कुमार ने तहसीलदार आदित्य विशाल को सभी आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए हैं।
तहसीलदार आदित्य विशाल ने बताया कि शत्रु संपत्ति पर अवैध कब्जा व पेड़ गायब कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में सात लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के लिए कोतवाली में तहरीर दी गई है।