लखीमपुर खीरी। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले में 21 से 25 नवंबर के बीच विवाह समारोह आयोजित हुए। इसमें कुल 792 जोड़ों का विवाह कराया गया। सत्यापन के बाद आरटीजीएस के माध्यम से 60-60 हजार रुपये की सहायता राशि वधुओं के खातों में भेज दी गई। कुल मिलाकर 4 करोड़ 75 लाख 20 हजार रुपये की धनराशि ट्रांसफर की गई है।
योजना के तहत जिले को 896 विवाह कराने का लक्ष्य मिला था। शेष रह गए 104 जोड़ों का विवाह आगामी कार्यक्रम में कराया जाएगा। इसके लिए स्थान और तिथि तय की जा रही है। संभावना है कि 4 दिसंबर को शहर के किसी गेस्टहाउस या मैरिज लॉन में अगला समारोह आयोजित किया जाएगा। योजना के तहत सरकार प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च करती है। इसमें 60 हजार रुपये वधू के खाते में आर्थिक सहायता के रूप में भेजे जाते हैं। 25 हजार रुपये का उपहार सामग्री किट दी जाती है। करीब 15 हजार रुपये आयोजन पर खर्च होते हैं।
सीडीओ अभिषेक कुमार की लगातार मॉनीटरिंग और निर्देशों के तहत जिला समाज कल्याण अधिकारी वंदना सिंह ने सभी एडीओ समाज कल्याण की मदद से सभी 792 वधुओं के बैंक खातों का सत्यापन कराया। सत्यापन पूरा होते ही राशि भेज दी गई। संवाद