गंगापुर नर्सरी में खड़ा दिखा बाघ
अमर उजाला ब्यूरो
ममरी। बुधवार की शाम ग्राम पंचायत इब्राहिमपुर ग्रंट के मजरा गंगापुर गांव से सटी वन विभाग की नर्सरी में बाघ खड़ा देखे जाने से गांववालों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों के शोर मचाने, पटाखे दगाने पर बाघ गन्ने खेत में घुस गया। जिसके पगचिन्ह मिलने की पुष्टि वनकर्मियों ने भी की है।
वन रेंज मोहम्मदी महेशपुर की सहजनिया बीट क्षेत्र के गांव गंगापुर से सटे प्लाट में वन विभाग की नर्सरी में बुधवार की शाम करीब छह बजे बाघ गन्ने में विचरण करते हुए नर्सरी में आ पहुंचा। आबादी से सटे प्लाट में बाघ खड़ा देख गांव वालों के होश उड़ गए। बच्चे घरों में दुबक गए। थोड़ी देर में वहां तमाम ग्रामीण लाठी डंडे लेकर एकत्र हो गए जिनके शोर मचाने, पटाखे दागने पर बाघ टहलता हुआ गन्ने के खेत में घुस गया। गांव वालों के अनुसार इसी बाघ ने पिछले हफ्ते गांव अयोध्यापुर में पालतू घोड़ी को मार डाला था। बाघ को खड़ा देख गांव वालों में दहशत फैल गई।
सूचना पर पहुंचे फोरेस्टर रामप्रसाद, वनरक्षक राजेश कुमार, विनीत सिंह ने बाघ के गन्ने के खेत में मौजूद होने और पग चिन्ह मिलने की पुष्टि की है। वन कर्मियों की माने तो देवीपुर, सहजनिया, महेशपुर वीट के जंगल में एक नहीं बल्कि पांच बाघ और कई तेंदुए मौजूद हैं, जो शिकार की तलाश में गन्ने के खेत में घूमते रहते हैं। उन्होंने गांव वालों से सतर्क रहने को कहा है।