मिल सुरक्षा अधिकारी से मारपीट, फायर का आरोप
पांच के पर जानलेवा हमला सहित कई धाराओं रिपोर्ट दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। खंभारखेड़ा चीनी मिल में सुरक्षा अधिकारी और बोलेरो स्वामी के बीच बुधवार की शाम विवाद हो गया। सुरक्षा अधिकारी का आरोप है कि बोलेरो स्वामी ने अपने अन्य चार साथियों के साथ उनके साथ मारपीट की। जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया। इससे वह बाल-बाल बच गया। सदर कोतवाली पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ बलवा, मारपीट, जानलेवा हमला सहित कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
खंभारभेड़ा चीनी मिल के सुरक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि खंभारखेड़ा निवासी गुरजीत सिंह की बोलेरो चीनी मिल में लगी है, जिसे गुरजीत सिंह स्वयं चलाते हैं। बुधवार की शाम गुरजीत सिंह को जरूरत पड़ने पर उन्होंने मोबाइल पर कॉल कर बुलाया। इस पर गुरजीत सिंह भड़क उठे और उल्टी सीधी बात करते हुए मोबाइल पर ही गाली-गलौज करने लगे और कॉल डिस्कनेक्ट कर दी। उसके कुछ ही देर बाद रात करीब नौ बजे गुरदयाल अपने साथी सुखविंदर सिंह, इंद्रजीत सिंह, रंजीत सिंह और महेंद्र सिंह निवासी खंभारखेड़ा के साथ मिल गेट के अंदर जबरन घुस आए और मारपीट करने लगे। हमलावरों के पास बांका, तमंचा और डंडे थे। आरोप है कि गुरजीत ने जान से मारने की नीयत से उस पर तमंचे से फायर कर दिया।