घास चर रही बछिया को बाघ ने बनाया निवाला
दूर नहीं हो रही ग्रामीणों में बाघ की दहशत
ममरी। बुधवार सबेरे वन रेंज मोहम्मदी महेशपुर की देवीपुर बीट में कठिना नदी नाऊ घाट पर घास चर रही अयोध्यापुर के व्यक्ति की एक बछिया को बाघ गन्ने के खेत में खींच ले गया जहां उसे निवाला बना डाला।
बुधवार को पूर्वांह 11 बजे अयोध्यापुर निवासी उदयचंद की पत्नी और गांव की कुछ महिलाएं कठिना नदी के नाऊ घाट पर जंगल से करीब 50 मीटर दूरी पर पशु चराने गई थीं जिसमें छोटे बड़े 10 पशु थे। महिलाएं पशुओं को छोड़कर खेतों में काम करने लगीं। इसी बीच गन्ने के खेतों से निकलकर आए बाघ ने बछिया पर हमला कर उसे माताराम के गन्ने के खेत में खींच कर निवाला बना डाला, जिससे पशु चरा रही महिलाओं में भगदड़ मच गई। शोर मचाने पर तमाम ग्रामीण लाठी डंडे लेकर आए। गांव वालों की सूचना पर पहुंचे रेंजर बनारसीदास मौर्य, फारेस्टर रामप्रसाद, वनरक्षक राजेश कुमार ने मौके का निरीक्षण कर बाघ के हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि बछिया का अधखाया शव गन्ने में पड़ा मिला है। बताया कि बाघ ने जिस स्थान पर हमला किया है वहां से देवीपुर बीट की दूरी 50 मीटर रही होगी। मौके पर बाघ के पगचिन्ह भी मिले हैं। रेंजर का कहना है कि ग्रामीणों को जंगल के समीप पशु चराने से मना करने के बावजूद वह अपनी आदत से बाज नहीं आ रहे हैं, जिससे पिछले सप्ताह बाघ ने इसी स्थान पर एक बकरी और दो बकरों को मार गिराया था।