पेट्रोल पंप पर बाइक सवार लोगों जागरूक करते हुए प्रवर्तन अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र। स्रोत : विभाग
लखीमपुर खीरी। सड़क सुरक्षा माह के 15वें दिन बृहस्पतिवार को नो हेलमेट नो फ्यूल को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। प्रवर्तन अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र ने कई पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण कर बिना हेलमेट वाले 35 बाइक सवारों का चालान किया।
प्रवर्तन अधिकारी ने पेट्रोल पंप संचालकों को चेतावनी दी कि बिना हेलमेट पेट्रोल दिया तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने शुगर मिल ऐरा में संचालित वाहनों का निरीक्षण किया। बिना रिफ्लेक्टर वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगवाए। साथ ही क्षमता से अधिक गन्ना भरने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। चीनी मिल प्रबंधन के साथ ही वाहन चालकों को चेतावनी दी कि वाहनों में क्षमता से अधिक गन्ना न भरे, नहीं तो कार्रवाई की जाएगी। कहा कि ओवर हाइट गन्ना से वाहन पलटने का खतरा बना रहता है। इधर, कार्रवाई के साथ ही लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।