कौड़ियाला घाट पर 200 मीटर नदी में बनकर तैयार हो गया पैंटून पुल। संवाद
तिकुनिया। मोहाना नदी के कौड़ियाला घाट पर बन रहे पैंटून पुल का पहले चरण में 200 मीटर का काम पूरा हो गया है। दूसरे चरण में करीब एक किलोमीटर पर ढाई सौ मीटर तक दूसरा पैंटून पुल बनाया जा रहा है। कुछ दिन तक पानी बढ़ने के कारण काम प्रभावित रहा। अब 25 जनवरी तक पीडब्ल्यूडी ने काम पूरा होने का दावा किया है।
वर्षों से मुहाना नदी के कौड़ियाला घाट चौगुर्जी गांव तथा नेपाल जाने आने में सुविधा के चलते पक्का पुल बनाए जाने की मांग क्षेत्र के लोग सरकार से कर रहे थे। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ग्राम पंचायत सूरत नगर के मजरा गांव चौगुर्जी में बीती 13 मई, 2025 को गई थी। जनता दरबार में उन्होंने चार किलोमीटर पक्का पुल बनवाए जाने का आश्वासन दिया था। इससे पहले उन्होंने पैटून पुल बनवाने की बात कही थी, जिस पर काम शुरू हो गया है।
नदी में मौजूदा समय में केवल दो धाराएं चल रही हैं। इसमें एक धारा गुरुद्वारा कौड़ियाला के पास है तो दूसरी धारा करीब एक किलोमीटर आगे है। यहीं पर दूसरा पैंटून पुल बनाया जा रहा है। ग्राम पंचायत सूरत नगर प्रधान प्रतिनिधि विजय कुमार, व्यापार मंडल के हैप्पी, बरसोला कला निवासी बिगन मियां ओमप्रकाश, पूर्व प्रधान राजाराम ने बताया कि पुल बनने से क्षेत्रीय लोगों को सहूलियत होगी। साथ ही नेपाली नागरिकों काे भी आवागमन में आसानी होगी, क्योंकि मुहाना नदी पर चौगुर्जी गांव से नेपाल की सीमा जुड़ी है और दो किलोमीटर पर नेपाल की प्रसिद्ध राजापुर मंडी बाजार है, जहां से भारी कारोबार तिकुनिया मंडी के व्यापारियों का होता है।
वर्जन
पहले पुल का निर्माण हो गया है। दूसरे पुल पर काम चल रहा है। 25 जनवरी तक पैंटून पुल पूरा बनाए जाने की उम्मीद है। करीब 430 मीटर पैंटून पुल बनकर तैयार होगा।
आरके नागर, अवर अभियंता, लोक निर्माण विभाग