आशा चयन को लेकर मचा घमासान, सीएमओ बन रहे अंजान
आशा के पद पर अविवाहित का चयन करने का मामला
सीएमओ कार्यालय परिसर में ही दिलाया जा रहा प्रशिक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। मोहम्मदी सीएचसी से चयनित होकर आई आशा बहुओं में दो के अविवाहित होने का मामला सामने आया है। युवतियों को प्रशिक्षण दिलाए जाने को लेकर महकमे में ही घमासान मचा है। हालांकि इस मामले से सीएमओ अंजान होने का दावा कर रहे हैं। वहीं दो एसीएमओ अविवाहित युवतियों के चयन को लेकर ही आमने सामने हैं।
शासनादेश के अनुसार आशा बहू के पद पर विवाहिता ही चयनित हो सकती है, लेकिन मोहम्मदी सीएचसी के जिम्मेदारों ने इस पद के लिए दो युवतियों का चयन कर प्रशिक्षण दिलाने के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। एनएचएम प्रभारी डॉ.मातादीन का कहना है कि आशा के पद पर विवाहिता का ही चयन हो सकता है और यही गाइडलाइन में भी है। हालांकि इनके द्वारा युवतियों को प्रशिक्षण दिलाने का विरोध भी किया जा चुका है, लेकिन जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ.बलबीर सिंह विषम परिस्थितयों में अविवाहित का भी चयन करने का दावा कर रहे हैं। जबकि सीएचसी अधीक्षक स्वयं अविवाहित का चयन गलत बता रहे हैं।
बीसीपीएम ने कराई है चयन प्रक्रिया
सीएचसी अधीक्षक मोहम्मदी डॉ.सुरेंद्र कुमार का कहना है कि जिन दो युवतियों के चयन को लेकर हल्ला मचा है उनमें से एक के आवेदन फार्म पर उसके पति का नाम दर्ज है। जबकि दूसरी युवती की हमें जानकारी नहीं है। रही बात खुली बैठक कराने की तो हर जगह बैठक कराना संभव नहीं है और फिर बीसीपीएम द्वारा चयन प्रक्रिया कराई गई है इसके बारे में वही बता सकते हैं। वहीं बीसीपीएम प्रेम कुमार का कहना है कि आशा चयन प्रक्रिया में उनका कोई रोल ही नहीं है।
आशा बहू का कार्य युवितयों के लिए है मुश्किल भरा
स्वास्थ्य विभाग के लोगों का कहना है कि आशा बहू का जो कार्य है उसे युवती नहीं कर सकती है, क्योंकि आशा बहू को जनसंख्या नियंत्रण, गर्भवती महिलाओं और प्रसव के बाद प्रसूता एवं नवजात की देखरेख करना, बच्चों का टीकाकरण कराना, महिलाओं को नसबंदी और परिवार नियोजन के संसाधनों का प्रयोग करने के लिए जागरूक करना है, जो युवितयों के बस का नहीं है। ये काम विवाहिता ही बेहतर तरीके से कर सकती हैं।