फोटो- 16एलकेएच501
फार्म हाउस में घुसी बाघिन, दहशत
वन विभाग की टीम ने पगचिह्न देखकर बाघिन के होने की पुष्टि की
अमर उजाला ब्यूरो
बांकेगंज। किशनपुर सेंक्चुरी से निकली एक बाघिन जंगल से सटे बाबा फार्म हाउस में सरेशाम घुस गई। फार्म हाउस के कुत्तों के भौंकने पर घर के बाहर निकले लोगों ने जब बाघिन को चहल कदमी करते देखा तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग को दी। वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो बाघिन फार्म हाउस से सटे गन्ने के खेत में चली गई। घटना सोमवार शाम करीब सात बजे की है।
किशनपुर सेंक्चुरी रेंज की चलतुआ बीट से सटे बाबा फार्म पर बने एक मकान में जंगल से निकली बाघिन पहुंच गई। उसे फार्म हाउस में देख पालतू कुत्ते तेज आवाज के साथ भौंकते हुए घर के बरामदे में पहुंच गए। इस दौरान बाइक से फार्म हाउस पहुंचे युवक को बाघिन दिखाई पड़ने पर उसने शोर मचाया। इस पर बाघिन फार्म हाउस से सटे गन्ने के खेत में घुस गई।। सूचना मिलने पर पहुंची वन विभाग की टीम ने फार्म हाउस पर बाघिन के पगचिह्न देखकर उसकी मौजूदगी की पुष्टि की।
दुुधवा नेशनल पार्क के उपनिदेशक महावीर कौजलगि के निर्देश पर किशनपुर सेंक्चुरी के प्रभारी वार्डेन वीके यादव, रेंजर रामबरन यादव, वन दरोगा सोबरन लाल, रामफूल यादव आदि रात आठ बजे दलबल के साथ फार्म हाउस पर पहुंचे। वन विभाग की टीम बाघिन की लोकेशन ट्रेस करने के लिए गन्ने के खेत के किनारे कांबिंग करती रही लेकिन उसका पता नहीं चला।
उधर दुधवा नेशनल पार्क के उपनिदेशक महावीर कौजलगि ने बताया कि किशनपुर सेंक्चुरी की चलतुआ बीट से सटे फार्म हाउस के चारों तरफ गन्ने की फसल खड़ी है। जंगल से निकली बाघिन संभवत: रास्ता भटककर फार्म हाउस पर पहुंचने के बाद वापस जंगल या गन्ने के खेत में चली गई होगी। बाघिन की लोकेशन ट्रेस करने के लिए वन विभाग की टीमें लगाई गई हैं। इसके अलावा कर्नाटक से आए हाथी टेरेसा और डायना महावतों और वन विभाग की टीम के साथ बाघिन की लोकेशन ट्रेस करने के लिए फार्म हाउस भेजी गईं है। उन्होंने लोगों से सतर्कता बरतने को कहा है।
जंगली जानवर के हमले से गाय जख्मी
अमीरनगर। मोहम्मदी महेशपुर रेंज के गरदहा गांव के पश्चिम सुखविंदर सिंह के झाले पर बंधी गाय पर सोमवार रात किसी जंगली जानवर ने हमला करके घायल कर दिया। झाले पर रहने वालों को आशंका है कि गाय तेंदुए के हमले से घायल हुई है। ग्राम प्रधानपति जहीर खां की सूचना पर वन विभाग की टीम झाले पर पहुंची। वन दरोगा जगदीश वर्मा ने जंगली जानवर के पग चिह्न देखकर बताया कि यह तेंदुए के पदचिह्न नहीं है लेकिन यह पुष्टि नहीं कर सके कि किस जंगली जानवर के पगचिह्न हैं। हालांकि लोगों में बाघ को लेकर दहशत है।