आशाओं के चयन पर उठे सवाल
गाइड लाइन की अनदेखी का आरोप, अधिकारी बन रहे अंजान
निघासन सीएचसी का है मामला
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। सीएचसी निघासन में चयनित आशाओं में फर्जीबाड़ा होने का मामला प्रकाश में आया है। विभागीय लोग चयन में शासनादेश की अनदेखी करने का आरोप अधीक्षक पर लगा रहे हैं। इनका कहना है कि सीएचसी अधीक्षक ने प्रधानों की साठगांठ कर आशाओं का चयन कर लिया और बुधवार से एएनएम ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षण भी शुरू करा दिया। जबकि जिम्मेदार अधिकारी मामले में अज्ञानता व्यक्त कर रहे हैं।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की योजनाओं का ग्रामीणों को लाभ मिल सके। इसके लिए आशाओं को तैनात किया गया है। वहीं समय पर आबादी बढ़ने पर नई आशाओं की तैनाती के लिए दिशा निर्देश जारी किए जाते हैं, लेकिन सीएचसी अधीक्षक निघासन ने शासन के निर्देशों को ताक पर रख एक दो नहीं, बल्कि 49 आशाओं का दो बार में चयन कर लिया। 22 आशाओं का चयन 2017-18 में और 27 का चयन 2018-19 में करना दर्शाया है। चयनित आशाओं को लेकर कोई बखेड़ा न हो जाए, इसलिए आनन फानन में बुधवार से सभी को प्रशिक्षण दिलाना भी शुरू कर दिया।
..........
जनसंख्या निर्धारण को किया दरकिनार
एक हजार की आबादी पर एक आशा चयन के नियम को दरकिनार कर कहीं 2316 की आबादी पर तो कहीं 12066 की तो कहीं 8215 की आबादी पर 49 आशाओं का चयन कर डाला। बताते हैं इसके लिए न तो गांव में खुली बैठक ही बुलाई गई और न ही उसमें प्रस्ताव मांगे गए। जबकि नियमानुसार गांव में ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता पोषण समिति की खुली बैठक हो, जिसमें आशा चयन के लिए प्रस्ताव मांग कर मेरिट बनाई जाए। मेरिट में टॉपर महिला को चयनित कर एनएचएम कार्यालय भेजकर उसे प्रशिक्षण दिलवाया जाए।
.......
ये है नियम
एसीएमओ एवं एनएचएम प्रभारी डॉ. मातादीन का कहना है नियमत: एक हजार की आबादी पर एक आशा तैनात की जाती है, लेकिन यदि किसी गांव के दो-तीन मजरों की आबादी 500 से 700 तक है और पहुंच से काफी दूर हैं। तो ऐसी स्थित में एक अतिरिक्त आशा का चयन का किया जा सकता है।
जनसंख्या आशा की संख्या
1000 से 1499 तक 1
1500 से 2499 तक 2
2500 से 3499 तक 3
3500 से 4499 तक 4
4500 से 5499 तक 5
.......
बोले अधीक्षक अकाउंटेंट से करो बात
आशाओं के चयन मामले में पूछे जाने पर सीएचसी अधीक्षक निघासन डॉ.अरूण कुमार मिश्रा ने कहा कि इस संबंध में मैैं एक लोगों का नंबर दे रहा हूं उनसे बात कर लो, नंबर किसका है के सवाल पर कहा कि अकाउंटेंट का। फिर बोले कि मैं बहुत व्यस्त हूं बाद में बात करेंगे।
........
आशाओं के चयन में गड़बड़ी किए जाने के मामले की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा कुछ है तो गलत है। मामले की जांच कराई जाएगी।
-डॉ.मनोज अग्रवाल सीएमओ