दुबई से आए युवक में स्वाइन फ्लू की पुष्टि, लखनऊ में चल रहा इलाज
दुबई में करता था काम, चार सितंबर को लौटा स्वदेश
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। मोहल्ला नई बस्ती निवासी एक युवक में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है, जिसका इलाज मेडिकल कॉलेज लखनऊ में चल रहा है। पीड़ित युवक दुबई में काम करता था और बीमार हो जाने पर कुछ दिन पूर्व घर लौटा है। जानकारी होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मंगलवार को उसके घर पहुंची, लेकिन वहां पर किसी के न मिलने पर टीम वापस लौट आई।
नई बस्ती मोहल्ला निवासी मोहम्मद कय्यूम बेग ने बताया कि उनका 31 वर्षीय पुत्र मोहम्मद आतिफ दुबई में काम करता था और बीमार हो जाने पर चार सितंबर को घर आ गया। उसे शहर के एक निजी अस्पताल में दिखाया था, लेकिन फायदा न होने पर उसे लखनऊ के सहारा हास्पिटल में दिखाया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। वहां पर जब जांच कराई गई तो उसमें इन्फलेंजा ए (पेंडामिन एच वन एन वन) की पुष्टि हुई। हालांकि आतिफ की हालत में अब सुधार है।
सीएमओ ने पीड़ित युवक के घर भेजी टीम
11 एलकेएच 11
स्वाइन फ्लू एक खतरनाक रोग है। पीड़ित के संपर्क में आने वालों में भी इसका संक्रमण होने का खतरा रहता है। घरवालों को इससे सुरक्षित करने के लिए मंगलवार को एसीएमओ डॉ.मातादीन एवं संक्रामक रोग की डॉ.पूनम सिंह पीड़ित युवक के घर पहुंची, लेकिन वहां पर ताला लगा होने के कारण वापस लौट आए। एसीएमओ डॉ.मातादीन ने बताया कि पीड़ित युवक के घर गए थे, लेकिन वहां पर ताला पड़ा था। पड़ोसियों ने बताया कि सभी लोग लखनऊ में हैं। उन्होंने बताया कि घर वापस आने पर सभी को स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए टैमी फ्लू दवा खिलाई जाएगी।
पीड़ित से दूरी बनाए रखना ही है बचाव
सीएमओ कार्यालय की डॉ.पूनम सिंह का कहना है कि स्वाइन फ्लू पीड़ित के संपर्क में आने वालों में भी संक्रमण होने का खतरा रहता है। इसलिए रोगी को अलग कमरे में रखें और उससे दूर ही रहें, यदि पास जाना जरूरी हो तो मास्क लगाकर जाएं। खासकर बच्चों को लेकर ज्यादा सतर्क रहें। उन्होंने बताया कि घर के लोगों को संक्रमण से बचाने के लिए टैमी फ्लू की दवा खिलाई जाती है।
पिछले साल स्वाइन फ्लू के मिले थे 13 रोगी
इस साल जहां अब तक जिले में एक युवक में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है वहीं पिछले साल जिले में इसके 13 पीड़ित मिले थे। इस साल जिस युवक में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई वह दुबई में काम करता था।
शहर के एक युवक में स्वाइन फ्लू होने की सूचना मिली है, लेकिन अब तक उसकी जांच रिपोर्ट नहीं मिली। जो युवक पीड़ित है वह विदेश में कार्यरत था। घरवालों को इसके संक्रमण से बचाने के लिए एसीएमओ को युवक के घर भेजा था, जहां ताला लगा मिला। घरवालों के लखनऊ में होने की जानकारी मिली है। डॉ.मनोज अग्रवाल, सीएमओ