आज दो परीक्षा केंद्रों पर होगी पुलिस भर्ती लिखित परीक्षा
परीक्षा की तैयारियां पूरी, 1490 अभ्यर्थी होंगे शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। यूपी पुलिस आरक्षी की सोमवार और मंगलवार को होने वाली लिखित परीक्षा की तैयारियां पुलिस महकमे ने पूरी कर ली हैं। शहर के दो परीक्षा केंद्रों पर कुल 1490 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। यह परीक्षा दो पालियों में होगी। परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के बाद एसपी ने एक बैठक की और तैयारियों की समीक्षा कर अधीनस्थों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
प्रदेश के जिलों में 18 और 19 जून को पुलिस आरक्षी भर्ती लिखित परीक्षा होगी। इसके लिए शहर के अजमानी इंटरनेशनल और खुशवक्तराय बालिका इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इन परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा होगी। पहली पॉली 10 से 12 और दूसरी पाली तीन से पांच बजे तक होगी। परीक्षा में विभिन्न जिलों के कुल 1490 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा का नोडल अफसर एएसपी पश्चिमी घनश्याम चौरसिया को बनाया गया है। इंस्पेक्टर फतेह सिंह को अजमानी इंटर कॉलेज और राजेश सिंह को खुशवक्त राय बालिका इंटर कॉलेज का आब्जर्वर होंगे। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी। अजमानी इंटर नेशनल में सीओ मितौली प्रदीप सिंह दो इंस्पेक्टर, चार दरोगा और 10 सिपाहियों के साथ तैनात रहेंगे। खुशवक्त राय बालिका इंटर कॉलेज की कमान सीओ धौरहरा श्रेष्ठा ठाकुर के हाथ में रहेगी। यहां एक इंस्पेक्टर, चार दरोगा और 10 सिपाही रहेंगे। इसके अलावा सदर कोतवाली और संबंधित चौकी पुलिस भी मौजूद रहेगी। एसपी ने अजमानी इंटर कॉलेज में बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और जरूरी दिशा निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने परीक्षा केंद्रों का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखी। एसपी रामलाल ने बताया कि परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभ्यर्थियों को सघन तलाशी लेने के बाद ही परीक्षा केंद्र में घुसने दिया जाएगा।