लखीमपुर खीरी/बिजुआ खीरी।
शनिवार को एडिशनल डायरेक्टर हेल्थ के सीएचसी बिजुआ पहुंचने से हड़कंप मच गया। हालांकि उनके पहुंचने से पहले ही जिला मलेरिया अधिकारी सीएचसी पहुंच गए थे, लेकिन सीएचसी प्रभारी के ना मिलने से तैयारी नही हो सकी। निरीक्षण के दौरान एडी व जेडी को सीएचसी में कई कमियां मिली, जिस पर वह नाराज दिखी।
निरीक्षण के दौरान एडी हेल्थ डॉ. मिथलेश चतुर्वेदी को सीएचसी प्रभारी गायब मिले। उनके पूछे जाने पर सीएचसी स्टाफ प्रभारी के बारे में कोई जानकारी भी नहीं दे सके। जिस पर उन्होंने सीएचसी प्रभारी को अनुपस्थित कर दिया वहीं कई अन्य कर्मचारी भी गायब मिले। बता दें कि एडी हेल्थ ट्रेवल मलेरिया संबधी जांच में बिजुआ आईं थी, उनके साथ जेडी हेल्थ भी थे। करीब 20 मिनट बिजुआ में रुकने के बाद भीरा चली गईं। लेकिन जेडी हेल्थ सीएचसी में पड़ताल करते रहे। निरीक्षण के दौरान पैथोलॉजी में उपकरण जमीन में रखे मिलने पर जेडी ने मौजूद स्टाफ को फटकार लगाई। वहीं शौचालय बंद मिलने, उसमें बोरियां लगी मिलने के साथ ही लैब में पर्याप्त लाइट की व्यवस्था न होने पर उन्होंने मौजूद स्टाफ को व्यवस्थाएं ठीक कराने के निर्देश दिए। इसी दौरान उन्होंने भीरा के एक बड़े प्राइवेट अस्पताल को भी चेक किया।
ढ़ाई घंटे बाद पहुंचे सीएचसी प्रभारी
निरीक्षण के समय प्रभारी राजेश बहादुर गायब थे। एडी हेल्थ के पूछने पर एसीएमओ डॉ. मातादीन ने उन्हें बचाने का प्रयास करते हुए कहा कि उनको यहां का चार्ज दिया गया है, जबकि पोस्टिंग बांकेगंज में हैं, लेकिन रजिस्टर पर साइन देखकर सवाल किया अगर इनकी यहां पोस्टिंग नहीं है साइन यहां पर कैसे? इस पर सभी बगले झांकते नजर आए।
ड्रेस में नहीं थे कर्मचारी
निरीक्षण के दौरान टीकाकरण कक्ष में एएनएम क्षमा वर्मा व काउंसलर सरिता वर्मा को ड्रेस में न देखकर जेडी ने नाराजगी जताई और पूछा कि आप एएनएम रूम में हो या सचिवालय में हो। उन्होंने जब ड्रेस के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि अभी ड्रेस नहीं ली है।
ट्रेवल मलेरिया को चेक करने के लिए टीम आई थी, उसी में सीएचसी का निरीक्षण किया गया।
डा. मिथलेश चतुर्वेदी, एडी हेल्थ
जिला अस्पताल में ब्लड बैंक में स्टाफ कम मिलने पर नाराजगी जताई
लखीमपुर खीरी। बिजुआ सीएचसी का निरीक्षण करने के बाद शनिवार की शाम करीब सात बजे डीजी पदमाकर सिंह टीम के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। इस दौरान करीब आधा घंटे तक आईसीयू वार्ड, ब्लड बैंक सहित इमरजेंसी व वार्डो का निरीक्षण किया। वहीं ब्लड बैंक में स्टाफ कम मिलने पर नाराजगी जताई। सीएमओ और सीएमएस को अस्पताल की अव्यस्थाओं को ठीक कराने के निर्देश दिए। इस दौरान सीएमओ डॉ. जावेद अहमद, सीएमएस डॉ.अरूण कुमार गौतम, डॉ. आरके वर्मा, डॉ.वीके वर्मा आदि लोग मौजूद रहे।