आग से 16 किसान हुए प्रभावित
धौरहरा। धौरहरा विधानसभा क्षेत्र के रमियाबेहड़ ब्लाक के अंतर्गत ग्राम भटपुरवा में शुक्रवार की सुबह करीब 10:00 बजे अचानक खेतों में आग लग गई, जिससे करीब 30 एकड़ में लगी गेहूं की फसल जल गई। आग से लगभग 16 लोगों के खेतों में खड़ी फसल जलकर राख हो गई। किसानों का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्षेत्र के ग्राम पंचायत भटपुरवा के खेतों मे पककर खड़ी हुई गेहूं की फसल में शुक्रवार की सुबह अचानक आग लग गई। घटना की सूचना पर तहसील प्रशासन, फायर ब्रिगेड और पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा और आग बुझाने की कोशिश में जुट गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पाया गया लेकिन तब तक किसान बिशेश्वर का 5 बीघा, बाबूराम का 15 बीघा, देवीप्रसाद का एक बीघा, शान्तीदेवी का तीन बीघा, दीपचंन्द का चार बीघा, रामसनेही का नौ बीघा, बिन्देश्वरी का 10 बीघा, रामसरन का चार बीघा, तारावती का पांच बीघा ,रजनी का नौ बीघा, लल्लन का दो बीघा, रामनारायन का नौ बीघा, कामता व प्यारेलाल का पांच बीघा, ओम प्रकाश का दो बीघा गेहूं का खेत जल गया। करीब 150 बीघा से ज्यादा गेहूं की फसल राख हो गई।
उधर, क्षेत्रीय लेखपाल रामखेलावन ने बताया कि अग्निकांड से हुए नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट जल्दी देने को कहा गया है ताकि जल्दी ही किसानों को सरकारी सहायता राशि दिलाई जा सके। उधर, मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने किसानों को हर संभव मदद दिलाने का वादा किया और पीड़ित किसानों के प्रति सांत्वना व्यक्त की।