शहर के नए मोहल्लों और जरूरत वाले स्थानों पर पथ प्रकाश की व्यवस्था को और विस्तार दिया जाएगा। इसके लिए शासन ने पूर्व में भेजे गए नगर पालिका के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। शासन ने जिला मुख्यालय वाले नगर पालिका क्षेत्र में पथ प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नया सवेरा योजना के अंतर्गत 3.5 करोड़ रुपया स्वीकृत किया है।
सदर एसडीएम और नगर पालिका ईओ एसपी सिंह के मुताबिक योजना में वार्डों को अलग-अलग लाइटें दी गई हैं। इसके लिए पहले इस्टीमेट तैयार कराया जाएगा और उसके बाद कार्यदायी संस्थाओं को कार्य आवंटित किया जाएगा। पथ प्रकाश के लिए नगर पालिका को पोल भी लगवाना है और लाइटों की भी व्यवस्था करनी है। एसडीएम और ईओ ने बताया कि नगरीय क्षेत्र में पथ-प्रकाश के लिए नगर पालिका की ओर से जरूरत के मुताबिक प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया था। जिसे स्वीकृत मिल गई है और बजट भी पास कर दिया गया है। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने बताया कि शहर के सीमाई इलाकों के मोहल्लों में पथ-प्रकाश व्यवस्था पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है। इसके अलावा जरूरत वाली जगहों पर भी पथ-प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक वार्ड को अलग-अलग संख्या में लाइटें आवंटित की गई हैं।