लखीमपुर खीरी। विद्युत निगम की लापरवाही और संसाधनों की कमी का खामियाजा नए कनेक्शन के लिए आने वाले उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। लखीमपुर डिवीजन में करीब 250 से अधिक खंभे लगाए जा चुके हैं, लेकिन अभी तक केबल नहीं डाली गई है। इससे नए कनेक्शनधारक परेशान हैं।
आबादी बढ़ने के साथ तेजी से शहर का विस्तार हो रहा है। शहर के आसपास नई कॉलोनियां बन चुकी हैं। विद्युत कनेक्शन के लिए खंभे भी लगाए जा चुके हैं, लेकिन केबल न पड़ने से उपभोक्ता काफी परेशान हैं। उपभोक्ता विद्युत निगम के चक्कर लगा रहे, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा।
लखीमपुर डिवीजन में बाइपास पर खकरा चौराहा, छाउछ, रामनगर, मीरपुर, शास्त्रीनगर, स्वरूप नगर आदि शहर के काॅलोनियों में 250 खंभे कई महीने पहले ही लगाए जा चुके, जिनको अब केबल का इंतजार है। 250 खंभों का यह आंकड़ा सिर्फ लखीमपुर डिवीजन का है। निघासन, पलिया, मोहम्मदी, मितौली, गोला डिविजन में भी केबल की समस्या है। अनुमानित सभी डिवीजनों में तीन से चार हजार किलो मीटर केबल की डिमांड की बात सामने आई है। विद्युत लाइन के लिए ट्रांसफाॅर्मर, खंभे, तार आदि उपकरण उपलब्ध कराने के लिए जिले में मात्र गढ़ी रोड पास लखीमपुर डिवीजन कार्यालय के पास स्टोर है। यहीं से जिलेभर में सप्लाई होती है। ट्रांसफाॅर्मर, खंभा सहित अन्य उपकरण तो हैं, लेकिन एक फेज का केबल काफी समय से नहीं है।
-
एक फेज केबल पर बढ़ेगा लोड तो होगी दिक्कत
विद्युत कर्मचारियों ने बताया कि पहले तीन फेज के केबल दिए जाते थे, लेकिन अब एक फेज के ही दिए जाते हैं। जबकि एक फेज वाले केबल पर लोड बढ़ने से आगे दिक्कतें बढ़ेगी। कर्मचारियों ने कहा कि विभाग को तीन फेज वाले केबल देना चाहिए। इधर, स्टोर के अधिकारियों ने बताया कि ऊपर से ही एक फेज वाले केबल दिए जाने का आदेश है। एक से तीन किलो वाॅट तक एक फेज, तीन से 49 किलो वॉट तक तीन फेज वाले केबल दिए जाते हैं।
-
खीरी ही नहीं प्रदेश के 21 जिलों की समस्या
यह केबल की समस्या सिर्फ खीरी में ही नहीं बल्कि प्रदेश सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, पीलीभीत, बदायूं, बाराबंकी, उन्नाव, हरदोई, रायबरेली, बहराइच आदि करीब 21 जिलों की है। केबल की समस्या का समाधान कब होगा, इसका जवाब विभागीय अफसरों के पास भी नहीं है। अफसरों को बस इतना कहना है कि जब ऊपर से केबल आएगा तो रुके हुए कार्यों को शुरू करा दिया जाएगा।
क्या बोले उपभोक्ता
फोटो-
विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन किया था, खंभे तो लग गए, लेकिन अभी केबल नहीं पड़ सकी है। कब तक लगेगी इसकी भी जानकारी नहीं मिल पा रही है।
-अजय कुमार, छाउछ
फोटो- 12
विद्युत खंभे लगे हुए दो महीनों से अधिक हो गए, लेकिन अभी तक केबल नहीं पड़ सकी है। विभाग में बात की थी तो आश्वासन दिया कि जल्द ही केबल भी पड़ जाएगी।
-कौशल किशोर, मोहल्ला रामनगर
वर्जन
स्टोर में केबल उपलब्ध नहीं है, इसके चलते थोड़ी समस्या आ रही है। केबल उपलब्ध कराने के लिए स्टोर के अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। उम्मीद है कि जल्द केबल उपलब्ध हो जाएगा।
-अजय सिंह, अधिशासी अभियंता-डिविजन प्रथम
-
वर्जन
स्टोर में वन फेज केबल की दिक्कत थी। दो से तीन दिन में केबिलों की सप्लाई हो जाएगी।
-दयानिधि किनकर, अधिशासी अभियंता, विद्युत स्टोर लखनऊ