एसएसबी व पुलिसकर्मी की गिरफ्त में चरस के साथ दोनों तस्कर। स्रोत एसएसबी।
लखीमपुर खीरी। सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) और पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार रात भारत-नेपाल सीमा पर 22.4 किलोग्राम चरस की बड़ी खेप पकड़ी। आगरा निवासी दो तस्कर कार से मादक पदार्थ ले जा रहे थे। कार्रवाई के लिए उन्हें तिकुनिया कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
एसएसबी की ओर से जारी प्रेस नोट में बताया गया कि 28 जुलाई की रात करीब 12:15 बजे खखरौला कैंप टीम ने नेपाल से भारत में प्रवेश कर रहे एक संदिग्ध वाहन को सीमा स्तंभ 703/1 से लगभग 200 मीटर भारतीय क्षेत्र में रोका। तलाश ली तो उसमें 22.4 किलोग्राम चरस बरामद हुई। वाहन में मौजूद दो तस्करों को भी एसएसबी ने पकड़ा। खलील अहमद एवं शौकीन निवासी फतेहपुर सीकरी जिला आगरा को गिरफ्तार कर वाहन सहित कार्रवाई के लिए थाना तिकुनिया ले जाया गया।
इंस्पेक्टर अर्चित तिवारी की अगुआई में पांच जवानों ने वाहन और दोनों तस्करों की तलाशी सहायक कमांडेंट रोनक त्यागी की मौजूदगी में की। कार्रवाई में स्थानीय पुलिस निरीक्षक जीतेंद्र बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार सहित तीन पुलिसकर्मी शामिल रहे। सहायक कमांडेंट रोनक त्यागी ने बताया कि एसएसबी सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इसी प्रकार मुस्तैदी जारी रहेगी।