सरयू स्नान के बाद आज से शुरू होगा ठुठवा मेला
ईसानगर। धर्म और आस्था के साथ लगने वाला ठुठवा मेला सरयू नदी की डुबकी लगाने के साथ शुक्रवार को शुरू हो जाएगा। स्नान के समय कोई दुर्घटना न होने पाए इसके लिए सरयू घाटों पर पीएसी बल सहित पुलिस तैनात कर दी गई है। मेले के समय मेला प्रभारी तहसीलदार यशवंत राव मौजूद रहेंगे। शुक्रवार को सुबह चार बजे स्नान को सुरक्षित ढंग से निपटाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है।
स्नान के लिए घाघरा घाट को समतल करके नहाने योग्य बनाया गया है। प्रशासन ने गोताखोरों के जरिए नदी के पानी की गहराई देखकर स्नान घाट का निर्माण किया है। साथ ही गहरे पानी मे संकेतक लगाकर जाने से निषेधित करने के निर्देश दिए हैं।
स्नान को सुरक्षित रखने के लिए मौके पर नावों की व्यवस्था की गई है। मेले में साधु संतों को भंडारों में पहुंचने के लिए अलग से मार्ग बनाया गया है। साथ ही साइकिल, मोटरसाइकिल और चारपहिया साधनों की पार्किंग के लिए मेले के पश्चिम स्थान को चयनित कर स्टैंड पोस्ट बनाए गए हैं।
एसडीएम आशीश कुमार मिश्रा ने बताया मेले की तैयारियां पूरी हो चुकी है स्नान के समय घाटों पर अनहोनी न हो उसके लिए नावों के साथ पीएसी बल तैनात रहेगा। नवागत प्रभारी निरीक्षक ईसानगर ने ठुठवा मेले में की गई सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। साथ ही दुकानदारों से मिलकर उनकी समस्याएं जानीं। मेला में लगे झूले सहित अन्य मनोरंजक कार्यक्रम अनुमति के आधार पर ही संचालित करने को कहा।