बाघों के बढ़ते हमलों से मोहम्मदी रेंज बना डैंजरजोन
दो साल में पांच लोगों की जा चुकी जान, तीन घायल
अमर उजाला ब्यूरो
बांकेगंज (लखीमपुर खीरी)। दक्षिण खीरी वन प्रभाग के मोहम्मदी रेंज की महेशपुर और सुंदरपुर बीट बाघों के हमलों के लिए डैंजरजोन बनता जा रहा है। बृहस्पतिवार देबीपुर बीट में अयोध्यापुर निवासी 45 वर्षीय कंधई लाल पर बाघ के हमले के बाद ग्रामीण सकते में हैं। मोहम्मदी रेंज में दो साल के अंदर बाघ पांच लोगों को मार चुका है और तीन लोगों को गंभीर रूप से घायल कर चुका है। इस अवधि में बफरजोन की मैलानी रेंज में 12 लोग बाघ हमले में मारे गए हैं। भीरा और मैलानी क्षेत्र बाघ हमले के लिए काफी संवेदनशील क्षेत्र रहा है, लेकिन इधर मोहम्मदी रेंज में जिस तरह बाघों के हमले बढ़ रहे हैं उससे ग्रामीणों की नींद उड़ी हुई है।
वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि मोहम्मदी रेंज में बाघों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। इसके कारण बाघ जंगल से निकलकर खेतों को अपना ठिकाना बना रहे हैं। इससे पहले महेशपुर जंगल की देबीपुर बीट से सटे गांव सुंदरपुर निवासी किसान बालकराम पर बाघ ने उस समय हमला किया जब वह अपने खेत की सिंचाई कर रहा था। वन विभाग के अधिकारियों का मानना है कि कठिना नदी के किनारे बाघ ने अपना स्थायी बसेरा बना लिया है। वन विभाग की निगरानी के बावजूद बाघों के ग्रामीणों और पालतू पशुओं पर ताबड़तोड़ हमलों की घटनाएं वन विभाग की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा करतीं हैं। इन घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है।
इंसेट
मोहम्मदी रेंज में बाघ हमले में हुईं मौतें
13 अप्रैल 2017-मोहममदी रेंज की महेशपुर बीट के घमहाघाट जंगल में देवियापुर निवासी 40 वर्षीय शर्मा नामक युवक की बाघिन के हमले में जान गई।
28 अगस्त 2017- इसी रेंज के घमहाघाट जंगल में बांकेगंज ब्लॉक की पंचायत डाटपुर के मजरा पसियापुर निवासी 52 नरायन लाला की बाघ हमले में मौत।
21 अक्टूबर 2017- इसी बीट के अशर्फीगंज के मूड़ा गांव निवासी 24 वर्षीय लालाराम की बाघ हमले में मौत।
20 नवंबर 2017-इसी रेंज में महेशपुर निवासी किसान 45 वर्षीय ओमप्रकाश की बाघ हमले में मौत।
18 जून 2018-इसी रेंज की देबीपुर बीट में सुंदरपुर निवासी 35 वर्षीय बालक राम की बाघ हमले में मौत।
तीन लोग हुए गंभीर घायल
01 जून 2018. मोहम्मदी रेंज में कठिना नदी के घमहाघाट क्षेत्र में मैलानी थाना क्षेत्र के दूलीपुर गांव निवासी 30 वर्षीय गजराज बाघ हमले में गंभीर घायल।
21 सितंबर.-मोहम्मदी रेंज की महेशपुर बीट में नयागांव निवासी 36 वर्षीय बशरूद्दीन बाघ हमले में गंभीर घायल।
27 सितंबर. इसी रेंज की देबीपुर बीट में अयोध्यापुर गांव निवासी 45 वर्षीय कंधईलाल बाघ हमले में गंभीर घायल।