24एलकेएच 303, 304
आंगन में घूमता रहा बाघ, दहशत में पूरी रात जागता रहा परिवार
- रेंजर ने नहीं उठाया फोन, शोर मचाने पर खेतों में छिपा बाघ
अमर उजाला ब्यूरो
पिपरिया धनी। महेशपुर रेंज के गांव दिस्तापुर के गुरविंदर सिंह के झाले पर पूरी रात बाघ दहाड़ता रहा। इससे पूरा परिवार दहशत में जागता रहा।
दिस्तापुर के गुरविंदर ने बताया रविवार रात बाघ दलराज सिंह के गन्ने के खेत से निकलकर उनके घर के आंगन में विचरण करता रहा और दहाड़ लगाता रहा। शोरशराबा होने पर वह दलराज सिंह के गन्ने के खेत में वापस चला गया। गुरविंदर ने बताया कि रात में उन्होंने महेशपुर रेंजर को फोन लगाया, लेकिन फोन उठा ही नहीं, सुबह गांव के लोग एकत्र हुए और दोबारा फोन लगाया। उसके दो घंटे बाद महेशपुर रेंज की टीम वहां पहुंची घटना की जानकारी लेते हुए उन्होंने बताया कि आप लोग सावधान रहें। गुरविंदर सिंह के घर में बाघ के पंजे देखने को लोगों की भीड़ लग गई। बाघ की खबर से दिस्तापुर, छेड़ीपुर, रेहरिया, पोखनापुर, नंदापुर, पिपरिया धनी, सुभाष नगर, शिवपुरी साहबगंज ग्रंट आदि क्षेत्र के कई गांव दहशत में है।
इंसेट.....
फोटो-24एलकेएच216
खेत में बाघ बैठा देख लोगों के उड़े होश
रेहरिया। महेशपुर रेंज अंतर्गत ग्राम जमुनहा में फौजी के गन्ने के खेत में बाघ बैठा देखा गया। जिससे खेत गए लोगों के होश उड़ गए, जिन्होंने भागकर गांव में सूचना दी। जमुनहा के जीतू, पंकज, सजित, गोलू गन्ने के खेत में पाती तोड़ने गए थे। इन लोगों को लगभग 50 मीटर दूरी पर बाघ बैठा दिखा। मौके पर आधा घंटा तक बाघ बैठा रहा। बाघ देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंचे गांव के केशन, सतनाम, राजू सिंह, फौजी आदि ने वन विभाग के अधिकारियों को बाघ की सूचना दी लेकिन शाम तक मौके पर कोई नहीं पहुंचा, जिससे ग्रामीण और भयभीत हैं।