‘शहरों में चलाएं विशेष स्वच्छता अभियान’
नगर विकास मंत्री ने वीडियो कांफ्रेंस कर स्वच्छता अभियान की ली जानकारी
शहरों को 31 अगस्त तक ओडीएफ करने का दिया निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने बुधवार को वीडियो कांफ्रेंस कर स्वच्छता अभियान एवं शहरों को खुले में शौच मुक्त करने के लिए बनवाए जा रहे शौचालय निर्माण के प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पालिका एवं पंचायतों को 31 अगस्त तक खुले में शौच मुक्त करने एवं मोहल्लों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
नगर विकास मंत्री ने वीडियो कांफ्रेंस के दौरान मौजूद जिले की नगर पालिका एवं पंचायत के ईओ से स्वच्छता अभियान के प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान सफाई व्यवस्था से संतुष्ट न होने पर उन्होंने सभी शहरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पालिका प्रशासन मोहल्लों की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाए, जिससे दैनिक सफाई कार्य प्रभावित न हो। इसके बाद उन्होंने शौचालय निर्माण के प्रगति की समीक्षा की, जिसमें कई जिलों की प्रगति रिपोर्ट संतोषजनक न मिलने पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने 31 अगस्त तक हर हालत में शौचालय निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। पालिका ईओ लखीमपुर अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि सफाई निरीक्षक जितेंद्र सिंह को विशेष अभियान चलाने के लिए कहा गया है। जल्द ही टीम गठित कर मोहल्लों में अभियान शुरू किया जाएगा।