लखीमपुर-खीरी। भारत सरकार खान मंत्रालय के निर्देश के क्रम में खीरी जिले के खनिज अनुभाग ने 16 दिसंबर से 30 दिसंबर तक स्वच्छता पखवारा चलाया। इस पखवारे के तहत विभिन्न कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। शनिवार को कलक्ट्रेट परिसर में आयोजित समापन समारोह के मौके पर स्वच्छता पखवारा के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को डीएम शैलेंद्र सिंह ने पुरस्कृत किया।
प्रतियोगिताओं में पर्यावरण स्वच्छता पोस्टर, स्लोगन, बैनर, संदेश लेखन के विजेता प्रतिभागियों के साथ स्वच्छता पखवारा में सराहनीय योगदान देने वाले समाज सेवियों, खनन अनुज्ञा धारकों और ईट निर्माता समिति के पदाधिकारियों को मुख्य अतिथि डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने कलक्ट्रेट सभागार में प्रशस्तिपत्र और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले लोगों में प्रमुख रूप से सुखेंद्र सिंह, डॉ. डीएन मालमानी, डॉ. आकाश वार्ष्णेय, डॉ. डीके सिंह, डॉ. ज्योति पंत, डॉ. सुभाष चंद्रा, मणींद्र भूषण मिश्र, विनीत वर्मा, अरुण कुमार शुक्ला, प्रेम वर्मा, राकेश कुमार मिश्र, रविच खत्री, अर्पित मिश्र, चेतराम वर्मा, संजीव प्रताप सिंह, अनिल गिरि, लोकेश गुप्ता, नसीम खां, मनोज त्रिपाठी, ग्राम प्रधान जितेंद्र सिंह शामिल हैं।
इस मौके पर डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए उनके सतत योगदान को जारी रखने का संकल्प कराया। इस मौके पर विजेता प्रतिभागियों के अभिभावक, शिक्षक, कलक्ट्रेट कर्मी मौजूद रहे।